कांग्रेस ने एम जे अकबर के खिलाफ जांच की मांग की, सरकार चुप

congress-demands-inquiry-against-mj-akbar-the-government-is-silent
[email protected] । Oct 9 2018 8:52PM

अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने 2008 में एक फिल्म के सेट पर नाना पाटेकर पर यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है जिसके बाद हॉलीवुड के ‘मी टू’ की तर्ज पर भारत में भी यह अभियान शुरू हुआ है। पाटेकर ने तनुश्री के आरोपों का खंडन किया है।

नयी दिल्ली। कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री एम जे अकबर के खिलाफ लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच की मांग की है। दूसरी तरफ, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज इस सवाल को टाल गईं कि क्या सरकार अकबर के खिलाफ कोई कार्रवाई करेगी। ‘‘#मी टू’’ अभियान के तहत कुछ महिला पत्रकारों ने अकबर पर आरोप लगाया है कि पत्रकार रहने के दौरान उन्होंने यौन उत्पीड़न किया था।

इन आरोपों पर विदेश राज्य मंत्री अकबर की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। अपने सहयोगी पर लगे आरोपों के बारे में पूछे जाने पर सुषमा ने कोई टिप्पणी नहीं की। कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह बहुत गंभीर मामला है और संबंधित मंत्री को बोलने की जरूरत है। चुप रहना कोई रास्ता नहीं है। इस मामले की जांच होनी चाहिए। हम संबंधित मंत्री और प्रधानमंत्री दोनों को इस मुद्दे पर सुनना चाहते हैं।’’

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा से इस बारे में जब पूछा गया तो उन्होंने कुछ भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। अभिनेत्री तनुश्री दत्ता ने 2008 में एक फिल्म के सेट पर नाना पाटेकर पर यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है जिसके बाद हॉलीवुड के ‘मी टू’ की तर्ज पर भारत में भी यह अभियान शुरू हुआ है। पाटेकर ने तनुश्री के आरोपों का खंडन किया है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़