अरुणाचल में परिवर्तन कांग्रेस का अंदरूनी मामला: रिजिजू

[email protected] । Jul 16 2016 4:37PM

किरण रिजिजू ने अरुणाचल प्रदेश में घटनाक्रमों से आज भाजपा का पल्ला झाड़ने की कोशिश की जहां कांग्रेस ने नाटकीय रूप से अपनी सरकार बचाने के लिए इसके नेतृत्व में परिवर्तन कर दिया।

केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने अरुणाचल प्रदेश में घटनाक्रमों से आज भाजपा का पल्ला झाड़ने की कोशिश की जहां कांग्रेस ने नाटकीय रूप से अपनी सरकार बचाने के लिए इसके नेतृत्व में परिवर्तन कर दिया। केंद्रीय गृहराज्य मंत्री रिजिजू ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमारा कांग्रेस के अंदरूनी मामले से कुछ लेना-देना नहीं है।’’ अरुणाचल प्रदेश में कांग्रेस ने पेमा खांडू को नया नेता चुन कर मुख्यमंत्री नबाम तुकी को बदल दिया। खांडू ने दो निर्दलियों सहित पार्टी के 45 विधायकों के समर्थन से सरकार बनाने का दावा किया।

बगावत कर मुख्यमंत्री बने और फिर उच्चतम न्यायालय द्वारा अपदस्थ किए गए कालिखो पुल तेजी से बदलते घटनाक्रम में 30 असंतुष्ट विधायकों के साथ पार्टी खेमे में लौट आए। अरुणाचल प्रदेश से सांसद रिजिजू ने कहा, ‘‘अरुणाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री बदलना कांग्रेस का अंदरूनी मामला है, भाजपा का इससे कोई लेना-देना नहीं है। यह भाजपा की सरकार नहीं थी। भाजपा ने केवल सरकार का समर्थन किया। जो कुछ भी हुआ था, वह कांग्रेस नेताओं के बीच टकराव के चलते हुआ।’’ केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह सिर्फ यह चाहते हैं कि अरुणाचल प्रदेश में राजनीतिक स्थिरता आए क्योंकि यह एक संवेदनशील और महत्वपूर्ण राज्य है।

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़