Congress नेता मुकेश शर्मा ने Delhi में लक्ष्मी योजना पर उठाए सवाल

Prabhasakshi Image

कांग्रेस नेता मुकेश शर्मा ने रविवार को दिल्ली में भाजपा सरकार की लक्ष्मी योजना की पात्रता शर्तों पर सवाल उठाते हुए स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने कहा कि इसके चलते किराएदार और प्रवासी जैसे कई हकदार लोग लाभ से वंचित रह सकते हैं।

नयी दिल्ली, दो अगस्त कांग्रेस नेता मुकेश शर्मा ने भाजपा सरकार द्वारा शुरू की गई ‘लक्ष्मी योजना’ की पात्रता शर्तों पर सवाल उठाते हुए रविवार को कहा कि इसके चलते कई हकदार लोग, खासकर किराएदार और प्रवासी नागरिक इसके लाभ से वंचित रह सकते हैं। उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए सरकार के 17 लाख लाभार्थियों के अनुमान पर स्पष्टीकरण मांगा तथा विधायक या सांसद से सिफारिशें लेने की शर्त पर आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे आवेदकों के लिए अनावश्यक मुश्किलें पैदा हो सकती हैं।

पूर्व विधायक शर्मा ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘सरकार को 17 लाख लाभार्थियों का यह आंकड़ा कहां से मिला? दिल्ली की जनता को यह बताया जाना चाहिए। यह पूरी तरह से धोखाधड़ी है।

अगर सरकार ईमानदार है, तो इन सभी जन विरोधी शर्तों को बदला जाना चाहिए।’’ शर्मा ने दावा किया कि दिल्ली के शहरी गांवों और औद्योगिकी क्षेत्रों के आस-पास रहने वाले किरायेदार शायद इस योजना का फ़ायदा न उठा पाएं, क्योंकि बिजली के बिल अक्सर उनके नाम पर नहीं आते हैं। कांग्रेस नेता ने इस योजना से प्रवासियों को बाहर रखे जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो लोग सालों से दिल्ली में रह रहे हैं और योग्य मतदाता हैं, उन्हें इसके फ़ायदों से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। शर्मा ने सरकार को पात्रता मापदंडों की समीक्षा करने के लिए 15 दिन का समय दिया और चेतावनी दी कि अगर उनकी चिंताओं का समाधान नहीं किया गया, तो वह आंदोलन शुरू करने के लिए तैयार हैं।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को ‘दिल्ली लक्ष्मी योजना’ के लिए ऑनलाइन पंजीकरण पोर्टल शुरू किया, जिसके तहत राजधानी की पात्र महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी।

All the updates here:

अन्य न्यूज़