गलत आंकड़े देकर लोगों को भ्रमित कर रही कांग्रेस: प्रभात झा

congress-misleading-people-by-giving-false-figures-prabhat-jha
[email protected] । Nov 26 2018 7:32PM

पत्रकारों के प्रश्नों का जवाब देते हुए प्रभात झा ने बताया कि चुनाव प्रचार समाप्त होते ही हम जागरण अभियान में लगने वाले हैं। प्रदेश के सभी पोलिंग बूथों पर हमारे कार्यकर्ता योजनाबद्ध तरीके से व्यवस्थित कार्य करेंगे।

 भोपाल। भाजपा ने प्रारंभ से चुनाव में विकास को मुद्दा बनाने की कोशिश की है। हम चाहते थे कि विपक्ष के लोग भी विकास की बात करें, लेकिन वह शुरू से ही नकारात्मक बात करते रहे। कांग्रेस शुरू से विभाजन की बातों को प्रश्रय देती हुई नजर आई। जिसे हम देश की राजनीति और प्रदेश के विकास के लिए अनुचित मानते हैं। उन्होंने कहा कि इस आधार पर उनके नेताओं ने बहुत गैर जिम्मेदाराना तरीके से अपनी बातें रखी हैं। कांग्रेस झूठे आंकडो के दम पर जनता को भ्रमित कर रही है लेकिन जनता कांग्रेस के झूठ जवाब जरूर देगी। यह बात सोमवार को पत्रकार वार्ता के दौरान भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा एवं डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे ने संयुक्त रूप से पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।


हमारी योजना मध्यप्रदेश को समृद्ध बनाने की

डॉ. सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि 2003 में सत्ता में आने के पूर्व हमने बीमारू मध्यप्रदेश से विकसित मध्यप्रदेश की ओर बढ़ने की बात कही और हम प्रदेश के विकास को गति देने में सफल रहे हैं। हमने 2003 में सत्ता में आते ही सबसे पहले बिजली, पानी, सड़क जैसी मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति करने के लिए काम किया। आगे हमारी योजना इस प्रदेश को समृद्ध मध्यप्रदेश बनाने की है। इस बार फिर एक बार नारा बुलन्द है फिर भाजपा, फिर शिवराज। उन्होंने इसके साथ में यह भी जोड़ा कि जब कांग्रेस की सरकार थी, तब कुछ कहने लायक काम नहीं था। आज भी कांग्रेस को लेकर कुछ कहने लायक नहीं है। 

कांग्रेस के बयान मध्यप्रदेश की गरिमा को चोट पहुंचाने वाले

प्रभात झा ने कहा कि कांग्रेस के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने प्रचार के अंतिम दिन जिस तरह के आंकड़े प्रस्तुत किए हैं, वह वास्तव में मध्यप्रदेश की गरिमा को चोट पहुंचाने वाले हैं। मध्यप्रदेश में इतने करोड़ गरीब हैं, यह जानकारी देकर उन्होंने यहां के लोगों को भ्रमित करने का काम किया है और जनता को गलत जानकारी दी है। जिसके लिए मैं उनसे खुली बहस करने के लिए तैयार हूं। मध्यप्रदेश को सुरजेवाला का यह कहना कि यहां खाना भी नहीं मिलता, गरीबी अपने चरम पर है, यह कहकर उन्होंने प्रदेश की जनता का अपमान किया है। जिसका जवाब 28 नवंबर को मध्यप्रदेश की जनता अपने मताधिकार का उपयोग कर कांग्रेस को जरूर देगी। 

चौथी बार बनेगी भाजपा की सरकार

प्रभात झा ने कहा कि अभी तक प्रदेश में भाजपा की 451 आमसभाएं हुई हैं। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान से लेकर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अमित शाह सहित पार्टी के स्टार प्रचारकों ने ये सभाएं ली हैं। इन सभाओं में जिस तरह से जनसैलाब उमड़ा उसे देखकर यह कहने में कोई गुरेज नहीं की मध्यप्रदेश में भाजपा चौथी बार फिर सरकार बनाने जा रही है। श्री प्रभात झा ने इस दौरान राजनीति के गिरते स्तर पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी नेता कमलनाथ, राज बब्बर, दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री विलास मुत्तेमवार जैसे नेताओं ने चुनावी प्रचार के दौरान जिस तरीके की भाषा का उपयोग किया है, भाषा का ऐसा स्तर कभी भी मध्यप्रदेश की राजनीति में देखने को नहीं मिला। उन्होंने कहा कि हम तब भी चुनाव लड़ते थे, जब विपक्ष में रहते थे, लेकिन इसका मतलब यह कभी नहीं रहा कि हमने कभी भाषा का संयम तोड़ा हो। मुझे यह लगता है कि सत्ता जाने के कई वर्षों बाद भी कांग्रेस का घमंड कम नहीं हुआ है।

कांग्रेस ने हमेशा नारी का अपमान किया

झा ने कहा कि मध्यप्रदेश में जिस तरह से कांग्रेस ने अपनी भाषा में नारी का अपमान करने का कार्य किया है वह कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। जबकि भाजपा सदैव से नारी का सम्मान करती आई है। कांग्रेस ने अपने चुनाव प्रचार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के माता-पिता को जिस तरह राजनीति में घसीटा, यह बहुत ही दुखद है। इससे वास्तव में कांग्रेस की सामंती प्रवृत्ति उजागर हुई है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से पिछले दिनों कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ का वीडियो और ऑडियो सामने आए हैं, उससे स्पष्ट है कि कांग्रेस हार के कगार पर है। इसलिए वे जातिगत राजनीति पर उतारू हैं। उन्होंने कहा कि हर सूरत में राजनीति में शालीनता का पालन करते रहना चाहिए। राजनीति में अपनी बात कहने का सभी को अधिकार है और हमें भी अपनी बात कहने का अधिकार हैं। लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि हम अपना संयम खो दें।

प्रचार के बाद जागरण अभियान में लगेंगे कार्यकर्ता

पत्रकारों के प्रश्नों का जवाब देते हुए प्रभात झा ने बताया कि चुनाव प्रचार समाप्त होते ही हम जागरण अभियान में लगने वाले हैं। प्रदेश के सभी पोलिंग बूथों पर हमारे कार्यकर्ता योजनाबद्ध तरीके से व्यवस्थित कार्य करेंगे। इसके लिए सभी की बैठक शुरू हो रही हैं। उन्होंने कहा कि हम चुनावी व्यवस्थाओं को ठीक रखने में विश्वास रखते हैं।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़