कांग्रेस पर बरसे सतीश पूनियां, बोले- पार्टी राजस्थान में खो चुकी है अपना जनाधार

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के राजस्थान इकाई के अध्यक्ष सतीश पूनियां ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस राज्य में अपना जनाधार खो चुकी है और उसकी आंतरिक खींचतान स्पष्ट दिखाई दे रही है। पूनियां ने कहा कि सत्तारूढ़ कांग्रेस को चार विधानसभा सीटों के लिए आगामी उपचुनाव में हार नजर आ रही है इसलिए वह इन इलाकों में विकास कार्यों पर ध्यान देने लगी है। पूनियां ने यहां भाजपा कार्यालय में ‘मोर्चा कार्ययोजना’ बैठक को संबोधित किया।
इसे भी पढ़ें: अशोक गहलोत का दावा, चुनौतियों के बावजूद विकास में कमी नहीं आने दी
उन्होंने कहा, ‘‘आज हम सब गौरव कर सकते हैं कि भाजपा को बदलते युग की इस बदलती राजनीति में दुनिया का सबसे बड़ा संगठन बनने का अवसर मिला।’’ उन्होंने कहा कि पार्टी के सातों मोर्चों की सामूहिक बैठक में पदाधिकारियों के कार्य विभाजन, राज्य की गहलोत सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आंदोलन की रणनीति सहित तमाम मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक को प्रदेश संगठन महामंत्री चन्द्रशेखर ने भी सम्बोधित किया।