गौरव यात्रा नहीं इस सरकार की विदाई यात्राः अशोक गहलोत

congress-raises-questions-over-raje-s-gaurav-yatra
[email protected] । Aug 4 2018 11:00AM

कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की प्रस्तावित गौरव यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह ''गौरव यात्रा नहीं बल्कि इस सरकार की विदाई यात्रा'' है।

जयपुर। कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की प्रस्तावित गौरव यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह 'गौरव यात्रा नहीं बल्कि इस सरकार की विदाई यात्रा' है। पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने यहां एक बयान में सवाल उठाया कि राजे सरकार के कार्यकाल की किसी भी क्षेत्र में कोई भी उल्लेखनीय उपलब्धि नहीं रही तो फिर किस गौरव की बात की जा रही है? गहलोत के अनुसार, 'राजे अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए गौरव यात्रा निकालकर प्रदेशवासियों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहीं हैं। पहले यात्रा का नाम सुराज यात्रा रखा गया जबकि राजस्थान को उन्होंने कुराज के सिवाय कुछ नहीं दिया।'

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह कहना कि मॉब लिंचिंग की घटनाएं बेरोजगारी एवं जनसंख्या वृद्धि की वजह से हो रही है, यह बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण एवं ऐसी घटनाओं को रोकने में अपनी विफलताओं को छिपाने की नाकाम कोशिश है। इसके साथ ही गहलोत ने इस यात्रा में सरकारी धन के दुरूपयोग का भी आरोप लगया और कहा कि सरकार ने इस यात्रा के बंदोबस्त करने के निर्देश दिये है। मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की 40 दिवसीय राजस्थान गौरव यात्रा राजसमंद के चारभुजानाथ मंदिर से शुरू हो रही है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़