रविवार को लखनऊ पहुंचेगी कांग्रेस की नयी टीम

[email protected] । Jul 15 2016 2:26PM

मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार शीला दीक्षित और नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर समेत पदाधिकारियों की नयी टीम आगामी रविवार को लखनऊ पहुंचेगी।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अर्से से हाशिये पर खड़ी कांग्रेस में नयी जान फूंकने की महत्वाकांक्षा के साथ आलाकमान द्वारा चुनी गयी मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार शीला दीक्षित और नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर समेत पदाधिकारियों की नयी टीम आगामी रविवार को लखनऊ पहुंचेगी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष सत्यदेव त्रिपाठी ने आज यहां बताया कि कांग्रेस महासचिव और पार्टी के प्रान्तीय प्रभारी गुलाम नबी आजाद और नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर आगामी 17 जुलाई को लखनऊ पहुंचेंगे। पहले उन्हें 16 जुलाई को राजधानी पहुंचना था।

उन्होंने बताया कि आजाद और बब्बर के साथ पार्टी की मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार शीला दीक्षित, चुनाव अभियान समिति चेयरमैन राज्यसभा सदस्य संजय सिंह तथा समन्वय समिति के अध्यक्ष प्रमोद तिवारी भी लखनऊ पहुंचेंगे। त्रिपाठी ने इस टीम के पहली बार लखनऊ पहुंचने के मद्देनजर ज्यादा से ज्यादा संख्या में कार्यकर्ताओं का मुख्यालय आने का आह्वान करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव की महती जिम्मेदारी के लिये इस नयी टीम का भव्य स्वागत किया जाएगा।

मालूम हो कि करीब 15 साल तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रह चुकीं 78 वर्षीय शीला दीक्षित को गुरुवार को उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव के लिये पार्टी का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया था। इसके दो दिन पहले ही पूर्व सांसद राज बब्बर को निर्मल खत्री की जगह उत्तर प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाया गया था। इन दोनों की अगुवाई में कांग्रेस के सामने आगामी विधानसभा चुनाव में बड़ी कामयाबी हासिल करके 403 सदस्यीय विधानसभा में अपनी सदस्य संख्या बढ़ाने की बड़ी चुनौती है।

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़