देश की चुनौतियों से फायदा उठाने की कोशिश में कांग्रेस, राजनीतिक दोषारोपण में लिप्त: भाजपा

BJP

सोनिया गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार को छोड़कर पूरे देश ने प्रवासियों की वेदना को सुना है। कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार से कोरोना वायरस के कारण लगे लॉकडाउन से प्रभावित हुए लोगों के लिए अपना खजाना खोलने का भी आग्रह किया।

नयी दिल्ली। भाजपा ने बृहस्पतिवार को कांग्रेस पर देश के सामने मौजूद चुनौतियों से फायदा उठाने की कोशिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी दल ऐसे समय में राजनीतिक दोषारोपण में लिप्त है जो दुर्भाग्यपूर्ण है लेकिन उससे अपेक्षित भी है। वरिष्ठ भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के मोदी सरकार पर निशाना साधने के बाद विपक्षी दल पर तीखा हमला बोला। सोनिया गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार को छोड़कर पूरे देश ने प्रवासियों की वेदना को सुना है। कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार से कोरोना वायरस के कारण लगे लॉकडाउन से प्रभावित हुए लोगों के लिए अपना खजाना खोलने का भी आग्रह किया। सोनिया के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए ईरानी ने कहा, ‘‘दुर्भाग्यपूर्ण है कि जब देश को कोविड-19 महामारी के खिलाफ एकजुट होने की जरूरत है, तब कुछ राजनीतिक दल देश के सामने मौजूद चुनौतियों से फायदा उठाने की कोशिश में हैं।’’ पिछले लोकसभा चुनाव में अमेठी से कांग्रेस नेता राहुल गांधी को पराजित करने वाली ईरानी ने कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों समेत सभी प्रदेशों की सरकारें 1.76 लाख करोड़ रुपये की ‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना’ की साक्षी हैं और उन्होंने इससे लाभ उठाया है। उन्होंने कहा कि इस योजना से हमारे समाज के कुछ सबसे कमजोर वर्गों को मदद मिली है। 

इसे भी पढ़ें: स्पीक अप इंडिया के तहत राहुल गांधी ने कहा- देश को कर्ज नहीं, वित्तीय मदद की है जरूरत

ईरानी ने कहा, ‘‘संकट की इस घड़ी में, केंद्र और राज्यों के साथ ही जिलों के अधिकारियों ने भी अपने प्रयासों को एक दिशा में सम्मिलित कर दिया है। और ऐसे समय में कांग्रेस का राजनीतिक दोषारोपण में शामिल होना दुर्भाग्यपूर्ण है लेकिन उससे यही अपेक्षित भी है।’’ कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बृहस्पतिवार को प्रारंभ अपनी पार्टी के ‘स्पीक अप इंडिया’ अभियान के तहत एक वीडियो संदेश में सरकार से मांग की कि सभी जरूरतमंद परिवारों को अगले छह महीने तक 7,500 रुपये दिये जाने चाहिए।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़