न्यायालय का फैसला ऐतिहासिक, लोकतंत्र की रक्षा हुई: तुकी

[email protected] । Jul 13 2016 1:44PM

अरुणाचल में अपनी सरकार को फिर बहाल किये जाने संबंधी उच्चतम न्यायालय के फैसले को कांग्रेस नेता नबाम तुकी ने आज ‘‘ऐतिहासिक’’ बताया और कहा कि इस फैसले से लोकतंत्र की रक्षा हुई है।

अरुणाचल प्रदेश में अपनी सरकार को फिर से बहाल किये जाने संबंधी उच्चतम न्यायालय के फैसले को कांग्रेस नेता नबाम तुकी ने आज ‘‘ऐतिहासिक’’ बताया और कहा कि इस फैसले से लोकतंत्र की रक्षा हुई है। तुकी ने कहा, ‘‘उच्चतम न्यायालय का फैसला ऐतिहासिक है। यह देश में स्वस्थ लोकतंत्र की रक्षा का मार्ग प्रशस्त करता है।’’ वह सरकार गिरने से पहले अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। उन्होंने कहा कि देश के संविधान और लोकतंत्र की रक्षा हुई है। तुकी ने कहा, ‘‘भाजपा नेताओं ने गैर-कानूनी तरीके से राज्यों से चुनी हुई सरकारों को हटाने का प्रयास किया..उच्चतम न्यायालय के फैसले से न्याय हुआ है।’’

उच्चतम न्यायालय ने विधानसभा सत्र को एक महीने पहले बुलाने के राज्यपाल के निर्णय को ‘‘असंवैधानिक’’ बताते हुए खारिज कर दिया और अरणाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार की बहाली का आज आदेश दिया। भविष्य के कदमों के बारे में पूछे जाने पर तुकी ने कहा कि वह अपने पार्टी विधायकों से संपर्क करेंगे और न्यायालय के आदेश और पार्टी की विचारधारा के अनुसार निर्णय किया जायेगा। बाद में ट्विटर पर अपने पोस्ट में तुकी ने कहा, ‘‘आखिरकार उच्चतम न्यायालय से हमें न्याय मिला। न्यायालय ने आज देश और इसके संविधान को बचा लिया।’’

उच्चतम न्यायालय में अरुणाचल प्रदेश के कांग्रेस नेताओं की तरफ से पैरवी करने वाले वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने फैसले को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि केवल न्यायपालिका संविधान के मूल्यों की रक्षा कर सकती है। उनके सहयोगी और हाल ही में राज्यसभा के लिए चुने गये विवेक तन्खा ने कहा कि फैसले से लोकतंत्र और कानून के शासन की बहाली हुई है।

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़