सवर्ण लड़की से प्रेम करने पर दलित लड़के की हत्या, 7 गिरफ्तार

[email protected] । Jul 21 2016 2:39PM

झूठी शान की खातिर हत्या करने के एक संदिग्ध मामले में नवी मुंबई में एक सवर्ण लड़की के परिवार वालों ने 16 वर्षीय एक दलित लड़के की कथित तौर पर हत्या कर दी।

ठाणे। झूठी शान की खातिर हत्या करने के एक संदिग्ध मामले में नवी मुंबई में एक सवर्ण लड़की के परिवार वालों ने 16 वर्षीय एक दलित लड़के की कथित तौर पर हत्या कर दी। लड़का सवर्ण लड़की से प्रेम करता था। पुलिस ने आज बताया कि मामले के सिलसिले में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 17 वर्षीय लड़की को भी हिरासत में लिया गया है। घटना के बाद, रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के कुछ सदस्यों ने उन पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार शाम नेरूल पुलिस थाने तक एक मोर्चा निकाला जिन्होंने लड़की के भाइयों द्वारा लड़के का अपहरण किए जाने की प्रारंभिक रिपोर्ट दर्ज करने से कथित तौर पर इंकार कर दिया था।

इस सिलसिले में नवी मुंबई पुलिस ने बुधवार को नेरूल थाने के दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया। लड़के की पहचान ठाणे जिले में नवी मुंबई के नेरूल इलाके में धारावे गांव निवासी स्वप्निल सोनवणे के रूप में की गयी है जो स्कूल में उसके साथ पढ़ने वाली 17 वर्षीय एक लड़की से प्रेम करता था। हालांकि लड़की के माता-पिता इस रिश्ते के खिलाफ थे। पुलिस ने बताया कि लड़की के परिवार के सदस्यों सहित करीब 20-25 लोगों के एक समूह ने धारावे गांव में मंगलवार रात लोहे की छड़ से लड़के की बुरी तरह पिटाई की। उन्होंने बताया कि बाद में लड़के को एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

इसके बाद, पुलिस ने लड़की के भाइयों सागर नाइक, सजेश नाइक, पिता राजेन्द्र नाइक, मां मालती नाइक, भाइयों के मित्र आशीष ठाकुर और दुर्गेश पाटिल और एक ऑटोरिक्शा चालक समीर शेख को बुधवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या, अपहरण, दंगा और आपराधिक धमकी के संबंध में भारतीय दंड संहिता और एससी एवं एसटी (अत्याचार निवारण अधिनियम) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। नेरूल के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक आदिकराव पोल ने बताया कि गिरफ्तार किये गये लोगों को बुधवार को वाशी अदालत में पेश किया गया और उन्हें 25 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि लड़की को भी हिरासत में लिया गया है और उसे भिवंडी रिमांड होम ले जाया गया है। नवी मुंबई पुलिस आयुक्त हेमंत नागराले ने बताया कि लड़के के परिवार की शिकायत दर्ज करने से कथित तौर पर इंकार करने पर नेरूल थाने के दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने बुधवार रात बताया कि दूसरे संभाग के एसीपी रैंक का एक अधिकारी इस मामले की जांच करेगा।

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़