दलित मुक्त भारत चाहती है राजग सरकारः सिंधिया

[email protected] । Jul 21 2016 4:55PM

सिंधिया ने आरोप लगाया, ‘‘मौजूदा राजग सरकार दलित मुक्त भारत भी चाहती है इसलिए उसके सत्ता में आने के बाद से दलितों पर अत्याचार के मामले सामने आ रहे हैं।’’

बसपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के खिलाफ भाजपा के एक नेता की अपमानजनक टिप्पणी का विषय आज लोकसभा में उठा और सरकार ने कहा कि उन पर कार्रवाई की जा चुकी है। शून्यकाल में इस विषय को उठाते हुए कांग्रेस के ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश के भाजपा उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने मायावती के विरद्ध जिस तरह के शब्दों का प्रयोग किया है, उसकी केवल निंदा नहीं की जानी चाहिए बल्कि भाजपा नेता पर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।

सिंधिया ने आरोप लगाया, ‘‘मौजूदा राजग सरकार दलित मुक्त भारत भी चाहती है इसलिए उसके सत्ता में आने के बाद से दलितों पर अत्याचार के मामले सामने आ रहे हैं।’’ उन्होंने कहा कि दलितों को न्याय मिलना चाहिए और उसी क्रम में आरोपी भाजपा नेता पर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। कई अन्य कांग्रेस सदस्यों ने भी इस विषय को उठाया। संसदीय कार्यमंत्री अनंत कुमार ने इस पर कहा कि हमने इस बयान की घोर निंदा की है और पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष पद से दयाशंकर सिंह को हटा दिया गया है और उच्च सदन में भी इस पर खेद प्रकट किया जा चुका है। कुमार ने कहा कि कानूनी कार्रवाई तो राज्य प्रशासन देखेगा लेकिन पार्टी के स्तर से उन पर कार्रवाई की जा चुकी है।

गौरतलब है कि बुधवार को दयाशंकर सिंह के मायावती पर दिये गये बयान को लेकर उन्हें पार्टी उपाध्यक्ष पद से हटा दिया गया और पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित भी कर दिया गया। कुमार ने कहा कि हम सभी को ध्यान में रखना चाहिए कि सार्वजनिक संवाद इतने निचले स्तर पर नहीं जाएं। इस मुद्दे पर सरकार के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस सदस्यों ने सदन से वॉकआउट किया। 

शून्यकाल में ही भाजपा के किरीट सोमैया ने कहा कि बांग्लादेश के ढाका में पिछले दिनों हुए आतंकी हमले में शामिल आतंकवादियों पर मुंबई के मुस्लिम धर्म उपदेशक जाकिर नाइक के विचारों का प्रभाव होने का पता चला है। उन्होंने कहा कि नाइक के भाषण से लोगों के आतंकवाद के लिए प्रेरित होने के मामले में सरकार की जांच के बारे में जानकारी सदन में दी जानी चाहिए।

भाजपा के आरके सिंह ने चुनावों में धनबल और बाहुबल के इस्तेमाल का विषय उठाते हुए सभी दलों द्वारा चुनाव सुधार पर विचार करने की जरूरत बताई। भाजपा के अश्विनी चौबे ने आरोप लगाया कि पिछले दिनों पटना में कुछ लोगों द्वारा देश विरोधी नारे लगाने की घटना सामने आई है जिसमें अगर स्थानीय लोगों ने संयम नहीं बरता होता तो बड़ी हिंसा हो सकती थी। उन्होंने स्थानीय पुलिस प्रशासन पर इस तरह के वाकये के समय मूकदर्शक बने रहने का आरोप लगाया।

भाजपा के बीएस येदियुरप्पा ने कर्नाटक में दो पुलिस अधिकारियों द्वारा कथित तौर पर राज्य के मंत्रियों के दबाव में खुदकुशी किये जाने के विषय को उठाया। राज्य के भाजपा सदस्यों ने इस विषय पर सीबीआई जांच की मांग की।

We're now on WhatsApp. Click to join.

Tags

    All the updates here:

    अन्य न्यूज़