Janmashtami शोभायात्रा के चलते दिल्ली की इन सड़कों पर लग सकता है जाम, करीब 2000 श्रद्धालु होंगे शामिल

दिल्ली में कृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर मंगलवार को निकलने वाली शोभायात्रा के चलते डीबीजी रोड और अजमल खान रोड पर यातायात धीमा रहने की संभावना है। पुलिस ने दोपहर 1 बजे से शाम 7 बजे के बीच इन मार्गों पर जाने से बचने और पंचकुइयां रोड या न्यू रोहतक रोड जैसे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। इस यात्रा में करीब 2,000 श्रद्धालुओं के शामिल होने का अनुमान है।
कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मंगलवार को शोभायात्रा के कारण दिल्ली के डीबीजी रोड, अजमल खान रोड और आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित होने की संभावना है। पुलिस ने यह जानकारी दी। दिल्ली यातायात पुलिस की ओर से जारी परामर्श के अनुसार, अपराह्न एक बजे शुरू शोभायात्रा के शाम सात बजे तक संपन्न होने की संभावना है।
पुलिस ने बताया कि शोभायात्रा में करीब 2,000 श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। परामर्श में कहा गया कि बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए डीबीजी रोड, अजमल खान रोड और आसपास की सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी रह सकती है और शोभायात्रा के दौरान जाम लगने की भी आशंका है। यातायात पुलिस ने लोगों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने और असुविधा से बचने के लिए मंगलवार अपराह्न एक बजे से शाम सात बजे के बीच डीबीजी रोड और अजमल खान रोड पर जाने से बचने की सलाह दी है।
इसे भी पढ़ें: Famous Temple: देश के 10 Famous Krishna Temples जहां दर्शन मात्र से पूरी होती है भक्तों की हर मनोकामना
प्रभावित इलाकों से गुजरने वाले लोगों को अपनी सुविधा के अनुसार पंचकुइयां रोड, न्यू रोहतक रोड और आसपास की अन्य सड़कों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। यात्रियों से मार्ग पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने तथा यातायात संकेतों एवं प्रतिबंधों का ध्यान रखने को भी कहा गया है।
अन्य न्यूज़















