दिग्विजय सिंह ने PM आवास के सामने धरने पर बैठने के लिए शिवराज को दिया निमंत्रण

digvijay-singh-invited-shivraj-singh-to-sit-on-the-protest
दिनेश शुक्ल । Nov 5 2019 11:54AM

मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने राजगढ़ जिले के ब्यावरा प्रवास के दौरान कहां कि मध्यप्रदेश को केंद्र से मिलने वाली राशि को प्रदान नहीं किया जा रहा, बल्कि उसे रोका जा रहा है।

भोपाल। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह केंद्र सरकार के खिलाफ प्रधानमंत्री आवास के सामने धरने पर बैठने जा रहे हैं। इसी के साथ उन्होंने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को भी धरने पर बैठने का निमंत्रण दिया है। दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया है कि केंद्र की मोदी सरकार मध्यप्रदेश के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।

इसे भी पढ़ें: बिना सिंधिया के सहयोग के उपचुनाव जीती कांग्रेस, कमलनाथ सरकार हुई मजबूत

सिंह ने राजगढ़ जिले के ब्यावरा प्रवास के दौरान कहां कि मध्यप्रदेश को केंद्र से मिलने वाली राशि को प्रदान नहीं किया जा रहा, बल्कि उसे रोका जा रहा है। प्रदेश की जनता और किसान परेशान हैं, इसके बावजूद प्रदेश को उसके हक की राशि नहीं दी जा रही। जबकि प्रदेश की जनता ने भाजपा के 28 सांसद जिताए हैं। इसके विपरीत भाजपा प्रदेशवासियों के भले के लिए केंद्र से राशि के लिए कोई मांग नहीं कर रही है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से इस मामले में उनका साथ देने की बात कही है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि शिवराज सिंह मेरा साथ दें और मेरे साथ पीएम आवास के सामने धरने पर बैठें।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि जब शिवराज सिंह मुख्यमंत्री थे तो केंद्र में यूपीए की सरकार थी और उन्होंने दिल्ली में धरना दिया था। अब प्रदेश के भले के लिए मेरे साथ धरने पर बैठें। ताकि केंद्र से राज्य को मिलने वाली राशि जल्द मिल सके। दिग्विजय सिंह से इस दौरान किसान कर्ज माफी को लेकर भी सवाल किया। जिसके जवाब में उन्होंने कहा कि किसान कर्जमाफी का एक चरण पूरा हो चुका है, अभी कमलनाथ सरकार द्वारा एनपीए कर्जमाफ किए गए हैं और आगे दो लाख तक के सभी राष्ट्रीयकृत बैंकों के कर्ज माफ किए जाएंगे।

इसे भी पढ़ें: दिग्विजय सिंह के आवास के बाहर धरने पर बैठे छोटे भाई लक्ष्मण

तो दूसरी ओर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि झूठ और कलाकारी की राजनीति ज्यादा दिन नहीं चलती। उन्होंने किसान कर्जमाफी को लेकर भाजपा द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर तंज कसते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार ने 21 लाख किसानों का कर्जमाफ कर दिया है। उन्होंने इस दौरान एक आंकड़ा भी पेश किया। जिसके अनुसार किसान कर्जमाफी की जानकारी के विषय में उनका मानना है कि जिस किसान का कर्ज माफ हुआ है उस किसान सहित उसके परिजनों को मिलाकर इसकी जानकारी एक करोड़ लोगों को होती है, उसमें उनके परिचितों की संख्या जोड़ने पर यह करीब ढाई करोड़ आबादी होती है। जिसे किसान कर्ज माफी की जानकारी है। 

 कमलनाथ ने कहा कि जब ढाई करोड़ लोग भाजपा के आरोपों को सुनते होंगे तो वे क्या सोचते होंगे। इसलिए मैं कहता हूं कि झूठ और कलाकारी की राजनीति ज्यादा दिन नहीं चलती। इसको लेकर मुख्यमंत्री ने ट्वीट भी किया।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़