डूब मरो कांग्रेसियो, भारत माता की जय बोलने में शर्म आती हैः अमित शाह

drowning-congressis-bharat-mata-is-shy-to-say-jai-amit-shah
[email protected] । Nov 26 2018 6:40PM

सभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि आज प्रचार का आखिरी दिन है और 28 तारीख को मतदान है। उस दिन प्रदेश की जनता यह तय करेगी कि अगले पांच किसकी सरकार रहना है।

धार। कांग्रेस वोटबैंक की चिंता करती है, हमारे लिए भारतमाता की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है। हमारा मृत शरीर भी भारतमाता की जयकार सुनकर जी उठेगा, उन्हें भारतमाता की जय बोलने में शर्म आती है। डूब मरो कांग्रेसियो। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सोमवार को धार जिले के कुक्षी में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस को यह फटकार लगाई। सभा में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के विकास के लिए मोदी-शिवराज का मणिकंचन योग बना है। आप हमें आशीर्वाद दीजिए, हम पांच सालों में प्रदेश को समृद्ध बनाएंगे।


बंटाढार ने प्रदेश को अंधेरे में डुबोया था

सभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि आज प्रचार का आखिरी दिन है और 28 तारीख को मतदान है। उस दिन प्रदेश की जनता यह तय करेगी कि अगले पांच किसकी सरकार रहना है। शाह ने कहा कि आप जब मतदान करने जाएं, तो बंटाढार के जमाने को जरूर याद करें। उन्होंने लोगों से पूछा कि उस दौरान गांवों में 24 घंटे बिजली रहती थी क्या? कभी दो घंटे, तो कभी 3 घंटे बिजली मिल पाती थी। उन्होंने कहा कि रात को अगर भोजन करने में देर हो जाए, तो पता नहीं चलता था कि हाथ किसी चीज पर पड़ रहा है। शाह ने कहा कि बंटाढार ने पूरे प्रदेश को अंधेरे में डुबा दिया था। शिवराज की सरकार बनने के बाद अब हर गांव में 24 घंटे बिजली मिल रही है।

किसान, किसान चिल्ला रहे राहुल बाबा, पर किया कुछ नहीं

शाह ने कहा कि राहुल बाबा आजकल इधर-उधर घूम रहे हैं। वे किसान-किसान चिल्ला रहे हैं, लेकिन उनकी सरकार ने किसानों के लिए किया कुछ नहीं। श्री शाह ने पूछा कि राहुल बाबा, जब आपका शासन था, तब कितने प्रतिशत पर किसानों को लोन मिलता था? उन्होंने कहा कि बंटाढार की सरकार किसानों को 18 प्रतिशत पर लोन देती थी, शिवराज सरकार ने इसे कम करके 0 प्रतिशत कर दिया। शाह ने कहा कि बंटाढार के जमाने में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ को मिलाकर किसानों को 1300 करोड़ का लोन देते थे। अब भाजपा सरकार 13 हजार करोड़ का लोन दे रही है। उस समय किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं, धान, सोयाबीन नहीं खरीदा जाता था। अब भाजपा की सरकार समर्थन मूल्य पर एक-एक किलो अनाज खरीद रही है और बोनस भी दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जमाने में 7.5 लाख हेक्टेयर में सिंचाई होती थी, भाजपा सरकाने इसे 40 लाख हेक्टेयर कर दिया। उन्होंने कहा कि ओमकारेश्वर योजना का चौथा चरण पूरा होने पर कुक्षी के हर गांव में पानी पहुंच जाएगा।

शिवराज सरकार ने किया कल्पनातीत परिवर्तन

शाह ने आदिवासियों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार ने आदिवासियों के विकास के लिए महज 830 करोड़ रुपए दिए थे। हमारी सरकार ने इसक लिए 23000 करोड़ का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि आदिवासी संस्कृति को संजोने के लिए हमने टांट्या भील वनवासी परिसर बनाने का वादा अपने दृष्टि पत्र में किया है। श्री शाह ने कहा कि हमारी सरकार ने जिले के 144375 किसानों को सॉइल हेल्थ कॉर्ड दिए हैं, स्वच्छ भारत अभियान के तहत 199266 घरों में शौचालय बनवाए हैं, 31000 गरीबों को घर दिये हैं। प्रदेश की अगर बात करें, तो पूरे प्रदेश में 5 मेडिकल कॉलेज थे, जो अब 18 हो गए हैं। 100 इंजीनियरिंग कॉलेज थे, जो अब 300 हैं। प्रदेश के बच्चों को अब पढ़ाई के लिए बेंगलुरु और मुंबई नहीं जाना पड़ेगा। श्री शाह ने कहा कि कांग्रेस के शासन में प्रदेश बीमारू बन गया था, जिसे विकसित राज्य बनाकर शिवराज जी की सरकार ने कितना बड़ा परिवर्तन किया है, आप इसकी कल्पना कर सकते हैं। श्री शाह ने कहा कि आपका आशीर्वाद चाहिए, पांच सालों में प्रदेश को समृद्ध बनाएंगे।


पहले अकेले थे शिवराज, मोदी के आने से बना मणिकंचन योग

शाह ने कहा कि कमलनाथ पूछते हैं मोदी जी ने मध्यप्रदेश के लिए क्या किया। वो कांग्रेस की साढ़े चार पीढ़ियों का हिसाब नहीं देते, हमसे 4.5 साल का हिसाब मांगते हैं। शाह ने कहा कि हम कमलनाथ को नहीं, जनता को जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार के जमाने में प्रदेश को 134190 करोड़ रुपए केंद्र से मिलते थे, जिसे मोदी जी की सरकार ने 344126 करोड़ रुपए किया। इसके अलावा  प्रदेश में 57 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट चल रहे हैं। केंद्र सरकार ने देश में 129 योजनाएं शुरू की हैं। 5.5 करोड़ महिलाओं को गैस कनेक्शन दिए हैं, 8 करोड़ शौचालय बनाए हैं, दो करोड़ गरीबों को घर दिए हैं, 12 करोड़ माताओं को टीके लगाए हैं और 13 करोड़ युवाओं को मुद्रा लोन दिए हैं। शाह ने कहा कि 10 सालो तक प्रदेश में शिवराज अकेले थे, लेकिन मोदीजी के आने से मणिकंचन योग बन गया है।

मोदी सरकार ने सुरक्षित की सीमाएं

शाह ने कहा कि मोदी सरकार जो सबसे बड़ा काम किया है, वह देश की सीमाओं को सुरक्षित करने का है । 10 साल तक यूपीए की सरकार थी, उस दौरान पाकिस्तान से जो चाहे, हिन्दुस्तान में घुस आता था। कोई कुछ नहीं करता था। उड़ी में सेना के शिविर पर हमला हुआ। 12 जवानों को जिंदा जला दिया गया। लेकिन इस बार कांग्रेस की सरकार नहीं थी, मोदी सरकार थी। मोदी जी ने सेना को आदेश दिया। सेना के रणबांकुरों ने पाकिस्तान में घुसकर सर्जिकल स्ट्राइक की और जवानों की शहादत का बदला लिया। इससे पहले तक अमेरिका और इजराइल दो ही देश थे, जो अपने जवानों के खून का बदला लेते थे। इन देशों की सूची में महान भारत का नाम जोड़ने का काम मोदी सरकार ने किया है।

उन्हें वोट बैंक नजर आता है, हमें भारत माता की सुरक्षा

शाह ने कहा कि कांग्रेस को वोटबैंक नजर आता है, हम भाजपा वाले भारत माता की सुरक्षा के लिए ही जीते हैं। उन्होंने कहा कि बीकानेर में कांग्रेस के एक प्रत्याशी ने कार्यकर्ता को भारत माता की जय बोलने से रोक दिया। उससे कहा गया सोनिया गांधी की जय बोलो। शाह ने कहा कि जिनको भारतमाता की जय बोलने में शर्म आती है, उन्हें राजनीति में रहने का अधिकार नहीं। डूब मरो कांग्रेसियो, तुम्हें भारतमाता की जय बोलने मं शर्म आती है। शाह ने कहा कि इन नेताओं ने पूरी कांगेस को गांधी परिवार की निजी फर्म बना दी हे। क्या इस फर्म से आपके मध्यप्रदेश को जुड़ना चाहिए? शाह ने कहा कि अगर आप सोचते हैं कि मध्यप्रदेश इस फर्म से न जुड़े, तो 28 तारीख को जोर से बटन दबाकर अपना वोट दीजिए और भारतीय जनता पार्टी को जिताइये। 

चौथी बार सरकार बनाने से कोई नहीं रोक सकताः राकेश सिंह

सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि मुझे विश्वास है, जहां सक्षम कार्यकर्ता हों, जहां जनता ने मन बना लिया हो, वहां चौथी बार भाजपा की सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के रूप में देश और दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेतृत्व का आशीर्वाद हमारे साथ है। हमंत भाजपा को विजय दिलाना ही है। उन्होंने सभा में उपस्थित लोगों को सभी सीटों पर भाजपा को प्रचंड विजय दिलाने का संकल्प दिलाया। सभा के दौरान सांसद सावित्री ठाकुर, केंद्रीय मंत्री जसवंतसिंह भाबोर, जिला अध्यक्ष राज बरफा, कुक्षी विधानसभा के प्रत्याशी वीरेंद्रसिंह बघेल, दरियावसिंह, जयदीप पटेल, रमेश धारीवाल आदि उपस्थित थे।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़