उत्तराखंड में हिमस्खलन की चपेट में आने से आठ लोगों की मौत, 31लापता

हिमस्खलन

उत्तराखंड के चमोली में हिमस्खलन से आठ लोगों की मौत हो गई है।डीजीपी ने कहा कि अब तक 430 में से 384 कर्मी इलाके के आईटीबीपी और सेना के शिविरों में पहुंच चुके हैं।आठ कर्मियों की मौत हो चुकी है जबकि 31 कर्मी लापता हैं।

गोपेश्वर। उत्तराखंड के चमोली जिले में भारत-चीन सीमा से सटे इलाके में हुए हिमस्खलन में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के आठ कर्मियों की मौत हो गई जबकि सात कर्मी घायल हो गए। इसके अलावा 31 कर्मी लापता हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उत्तराखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अशोक कुमार ने कहा कि शुक्रवार को हुए हिमस्खलन के दौरान सड़क निर्माण स्थल पर बीआरओ के कुल 430 कर्मी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि कि शुक्रवार रात को नीति घाटी केसुमना इलाके में हिमस्खलन स्थल से दो व्यक्तियों के शव मिले जबकि शनिवार को छह और शव बरामद किये गये। डीजीपी ने कहा कि अब तक 430 में से 384 कर्मी इलाके के आईटीबीपी और सेना के शिविरों में पहुंच चुके हैं।आठ कर्मियों की मौत हो चुकी है जबकि 31 कर्मी लापता हैं।

इसे भी पढ़ें: अच्छी खबर! ऑक्सीजन की भारी कमी के बीच इस शहर में खुलेगा पहला श्वास बैंक

सेना, आईटीबीपी, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ कर्मी प्रभावित इलाके में संयुक्त खोज एवं बचाव अभियान में जुटे हैं। घायलों को बचाकर हेलीकॉप्टरों के जरिये जोशीमठ में सेना के अस्पताल ले जाया गया है। डीजीपी ने कहा कि सुमना में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और सेना की चौकियां सुरक्षित हैं। सुमना, जहां हिमस्खलन हुआ, मलारी गांव से करीब 25 किलोमीटर दूर है और यह धौली गंगा की दो धाराओं-- गिर्थिगाड और कियोगाड के संगम के समीप है। धौली गंगा में फरवरी में आपदाकारी हिमस्खलन हुआ और 80 लोगों की जान चली गयी थी एवं 126 लापता हो गये थे। इस बीच, मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने हवाई सर्वेक्षण कर हालात का जायजा लिया। सेना और जिला प्रशासन शुक्रवार रात से खोज एवं बचाव अभियान पर नजर बनाए हुए है।

इसे भी पढ़ें: PM मोदी ने ई-संपत्ति कार्डों के वितरण की शुरूआत की, कहा- हमारा प्रयास है कि गाँव समर्थ हों, आत्मनिर्भर हों

आईटीबीपी और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) तथा राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के कर्मी भी अब उनके साथ शामिल हो गए हैं। रावत के अनुसार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बचाव अभियान में हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। वर्ष 1991 में भी सुमना में इसी तरह हिमस्खलन हुआ था, जिसमें आईटीबीपी के 11 कर्मियों की मौत हो गई थी।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़