दिल्ली में बाढ़ का खतरा, सिसोदिया ने यमुना के तटीय इलाके का दौरा किया
यमुना के जल स्तर के खतरे के निशान से ऊपर चले जाने के एक दिन बाद दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आज शहर के निचले इलाकों से लोगों को निकालने के काम का जायजा लिया
नयी दिल्ली। यमुना के जल स्तर के खतरे के निशान से ऊपर चले जाने के एक दिन बाद दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आज शहर के निचले इलाकों से लोगों को निकालने के काम का जायजा लिया। राष्ट्रीय राजधानी में कल शाम सात बजे यमुना नदी का जल स्तर 205.30 मीटर तक पहुंच गया था। इसके बाद निचले इलाके में रह रहे लोगों को निकालने के लिए अधिकारियों ने कदम उठाए। इसके अलावा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस संबंध में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपात बैठक भी की।
एक अधिकारी ने बताया, “सिसोदिया ने अक्षरधाम और पांडव नगर के पास के निचले इलाकों में लोगों को निकालने के लिए चल रहे काम का जायजा किया।” सिसोदिया ने नदी के आसपास रहने वाले लोगों से मुलाकात भी की और उन्हें यमुना के बढ़ते जल स्तर के बारे में आगाह करते हुए सुरक्षित स्थान पर जाने का आग्रह किया। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि कई लोगों ने ऊंचे स्थानों पर जाना शुरू भी कर दिया है। यमुना नदी के जल स्तर के खतरे के निशान से ऊपर पहुंचने के बाद दिल्ली सरकार ने कल चेतावनी जारी की थी।
अन्य न्यूज़