मेरठ में अनाधिकृत निर्माण गिराने के दौरान चार की मौत
उत्तर प्रदेश के मेरठ छावनी इलाके में नगर निगम द्वारा आज सुबह एक ‘‘अवैध’’ बहु मंजिला इमारत गिराने के दौरान उसके मलबे में दबने से चार लोगों की मौत हो गई।
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ छावनी इलाके में नगर निगम द्वारा आज सुबह एक ‘‘अवैध’’ बहु मंजिला इमारत गिराने के दौरान उसके मलबे में दबने से चार लोगों की मौत हो गई। मेरठ संभाग के आयुक्त आलोक सिन्हा ने बताया कि अतिक्रमण विरोधी एक अभियान के दौरान छावनी बोर्ड के अधिकारियों ने बंगला संख्या 210 गिराया। इस दौरान कुछ लोग मलबे में दब गए। प्रत्यक्षत: वे उस वक्त इमारत में मौजूद थे। घटना में चार लोग मारे गए जबकि तीन घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटनास्थल पर बचाव अभियान चल रहा है कम से कम छह और लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
मेरठ छावनी बोर्ड के सहायक अभियंता पीयूष गौतम ने कहा, ‘‘इमारत अवैध तरीके से बनायी गयी थी, इसलिए उसमें रहने वाले लोगों को एक पूर्व नोटिस भेजा गया था। अतिक्रमण हटाने के लिए इलाके को चिह्नित किया गया था और अभियान के लिए तड़के तीन बजे का समय निर्धारित हुआ था।’’ उन्होंने दावा किया, ‘‘हमने वहां रहने वाले लोगों को अपना सामान निकालने के लिए तीन और घंटे दिए और सुबह छह बजे इमारत ढहाना शुरू किया।’’ अधिकारियों के अनुसार इमारत एक विवादित संपत्ति थी और उच्च न्यायालय ने उसे ढहाने का आदेश दिया था। इसी बीच पीड़ितों के परिवार वालों ने बोर्ड के अधिकारियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करायी। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
अन्य न्यूज़