केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह ने कहा, भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी पार्टी है कांग्रेस

gajendra-singh-says-congress-is-a-dirty-party-corrupted
[email protected] । Nov 1 2018 7:42PM

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह ने कांग्रेस द्वारा केंद्र और राजस्थान सरकार पर लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों पर बृहस्पतिवार को पलटवार किया।

जयपुर। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह ने कांग्रेस द्वारा केंद्र और राजस्थान सरकार पर लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपों पर बृहस्पतिवार को पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी पार्टी कांग्रेस के नेता राजस्थान में आकर ऐसे आरोप लगा यहां की जनता का अपमान कर रहे हैं जिसके लिए जनता उन्हें कभी माफ नहीं करेगी। पार्टी के मीडिया सेंटर में संवाददाताओं से बातचीत में गजेंद्र सिंह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, राजस्थान बीमारू राज्य नहीं है, बल्कि पिछली सरकार ने राजस्थान को बीमारू बनाकर छोड़ा था। उसे बीमारू राज्यों से निकाल कर प्रगति पथ पर ले जाने का काम भाजपा सरकार ने किया है। इन पांच साल में हमारा राजस्थान बीमारू राज्य नहीं बना बल्कि कांग्रेस अवश्य बीमारू पार्टी बन गयी है।’

केंद्रीय मंत्री ने दावा किया, राजस्थान की भाजपा सरकार ने जितना लक्ष्य निर्धारित किया था उससे कहीं अधिक कार्य किया है। लेकिन नीति, नेतृत्व और नियति विहीन कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता राजस्थान में आकर भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं।' उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार में आंकठ डूबी ऐसी पार्टी करार दिया जिसने जमीन से लेकर आसमान तक घोटाले किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने रीट लेवल प्रथम में 26000 नियुक्तियों में अड़ंगा लगाया।

कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव शुक्ला ने बृहस्पतिवार को जयपुर में एक संवाददाता सम्मेलन में भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त भारत देने की बात करने वालों ने भ्रष्टाचार के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने राज्य की मौजूदा वसुंधरा राजे सरकार पर राजस्थान को बीमारू राज्य बनाने का आरोप लगाया और कहा कि वह अपने चुनावी वादों को पूरा करने में विफल रही है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़