गणेश सिंह को भूमि विधेयक पर संयुक्त समिति का अध्यक्ष बनाया गया
भाजपा के लोकसभा सदस्य गणेश सिंह को विवादास्पद भूमि विधेयक पर विचार करने वाली संसद की संयुक्त समिति का नया अध्यक्ष नियुक्ति किया गया है।
भाजपा के लोकसभा सदस्य गणेश सिंह को विवादास्पद भूमि विधेयक पर विचार करने वाली संसद की संयुक्त समिति का नया अध्यक्ष नियुक्ति किया गया है। सिंह इस समिति के पहले से सदस्य रहे हैं और अब वे एसएस आहलुवालिया का स्थान लेंगे जिन्हें हाल के मंत्रिमंडल में फेरबदल के दौरान संसदीय कार्य राज्य मंत्री बनाया गया है। संयुक्त समिति का अध्यक्ष बनने के बाद अपने सबसे पहले कार्य के तहत सिंह ने समिति का कार्यकाल बढ़ाये जाने का प्रस्ताव पेश किया जिसे सदन ने ध्वनि मत से मंजूरी दे दी।
आप सांसद भगवंत मान द्वारा संसद भवन की वीडियोग्राफी करने के मुद्दे पर सदन में हंगामे के बीच गणेश सिंह ने प्रस्ताव किया कि यह सभा भू अर्जन, पुनर्वास और पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकार और पारदर्शिता का अधिकार (दूसरा संशोधन) विधेयक 2015 संबंधी संयुक्त समिति का प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का समय शीतकालीन सत्र 2016 के अंतिम दिन तक बढ़ाती है। सिंह ने बताया, ''हां, मुझे अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। समिति की अगली बैठक मानसून सत्र के बाद होगी।’’ संसद का शीतकालीन सत्र आमतौर पर नवंबर के अंतिम सप्ताह में होता है। संयुक्त समिति का कार्यकाल आज समाप्त हो रहा था।
अन्य न्यूज़