दलितों, मुस्लिमों पर हमलों में वृद्धि पर सरकार को घेरा
मध्य प्रदेश में गोमांस के मुद्दे पर दो मुस्लिम महिलाओं की कथित पिटायी के मामले पर कांग्रेस समेत विपक्षी सदस्यों ने सरकार पर निशाना साधा। इस पर सरकार ने कहा कि दोषी बख्शे नहीं जाएंगे।
मध्य प्रदेश में गोमांस के मुद्दे पर दो मुस्लिम महिलाओं की कथित पिटायी के मामले पर कांग्रेस समेत विपक्षी सदस्यों ने सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि दलितों और मुसलमानों को निशाना बनाने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। इस पर गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा और न्याय होगा। शून्यकाल में इस मुद्दे को उठाते हुए कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खडगे ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि दलितों पर हमलों के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने इसके साथ ही मध्य प्रदेश के मंदसौर की घटना और गुजरात के मामले तथा उत्तर प्रदेश में दो दलितों की मौत की घटना का भी जिक्र किया।
गौ रक्षक संघ जैसे समूहों पर प्रतिबंध लगाने की मांग करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि ये कानून को अपने हाथों में ले रहे हैं और भाजपा शासित सरकार के समर्थन के बिना इनके लिए ऐसा करना कैसे संभव हो सकता है ? खडगे ने संघ परिवार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके सदस्य और भाजपा के लोग ऐसी घटनाओं में शामिल हैं। गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ''कानून एवं व्यवस्था राज्य का विषय है। उक्त घटना के संबंध में मध्य प्रदेश सरकार ने त्वरित कार्रवाई की है। मामले में न्याय होगा, इंसाफ होगा और दोषियों को बख्शा नहीं जायेगा।’’ मंत्री के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, वामदल, राजद सदस्यों ने सदन से वाकआउट किया।
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खडगे ने आरोप लगाया, ''ऐसी घटनाएं तभी हो सकती हैं जब सरकार का समर्थन प्राप्त हो।’’ उन्होंने उत्तर प्रदेश में एक दलित दंपति को गला घोंट कर मारने की घटना से जुड़ी खबर का भी जिक्र किया। मध्य प्रदेश की घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि गोमांस के शक में दो मुस्लिम महिलाओं को गोरक्षक संघ के लोगों ने पीटा जबकि वे भैंस का मांस ले जा रही थीं और इस बारे में रसीद दिखा रही थीं।
कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी रसीद को फाड़ दिया गया और पुलिस के सामने उनकी पिटायी की गई। उनसे कहा गया कि अगर वे पुरूष होतीं तो उनकी हत्या कर दी जाती। फोरेंसिक रिपोर्ट में भी भैंस का मांस होने की बात सामने आई है। खडगे ने राष्ट्रीय अपराध ब्यूरो के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि प्रत्येक हर घंटे दलितों के खिलाफ अपराध की विभिन्न घटनाएं हो रही हैं, बलात्कार हो रहे हैं और उनकी हत्या हो रही है। उन्होंने कहा, ''आप कहेंगे कि यह पहले भी होता था। लेकिन जब से आप आए हैं तब से ऐसी घटनाएं बढ़ गई हैं।''
अन्य न्यूज़