स्वतंत्रता दिवस पर ‘भारत पर्व’ का आयोजन करेगी सरकार
आगामी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राजधानी के लोग एक भव्य समारोह के साक्षी होंगे जब मोदी सरकार 12 अगस्त से एक सांस्कृतिक प्रदर्शनी का आयोजन करेगी।
आगामी स्वतंत्रता दिवस के मौके पर राजधानी के लोग एक भव्य समारोह के साक्षी होंगे जब मोदी सरकार 12 अगस्त से एक सांस्कृतिक प्रदर्शनी का आयोजन करेगी। मोदी सरकार ने सत्ता में दो साल पूरे करने पर लगभग ढाई महीना पहले ही एक विहंगम रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया था। भारत की आजादी का जश्न मनाने और देश के नागरिकों में देशभक्ति का जज्बा और मजबूत करने के मकसद से मनाए जाने वाले ‘भारत पर्व’ का आयोजन राजपथ पर किया जाएगा और इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, पर्यटन मंत्रालय के अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।
विभिन्न राज्यों की पाक एवं हस्त कला के प्रदर्शन के लिए कम से कम 100 स्टॉल लगाए जाएंगे। बहरहाल, मई में ‘सरकार के दो साल पूरे करने’ के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम से इतर ‘भारत पर्व’ कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से स्थानीय कलाकारों की भागीदारी देखने को मिलेगी। मई में हुए कार्यक्रम में मंत्रियों और सदी के महानायक अमिताभ बच्चन जैसे बॉलीवुड सितारों ने हिस्सा लिया था। इस कार्यक्रम में सेना के बैंड भी प्रस्तुति देंगे। कार्यक्रम के दौरान ऐतिहासिक इंडिया गेट को खास तौर से सजाया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ 12 अगस्त को होगा। शाम पांच बजे से शुरू होने वाले आयोजन 18 अगस्त तक चलेंगे।
मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि ‘भारत पर्व’ में विभिन्न राज्यों के खानपान, सांस्कृतिक धरोहर और हस्तकलाओं की अनूठी छठा दिखाई देगी। देश के विभिन्न क्षेत्रों की पाक कला प्रदर्शनी के लिए 50 स्टॉल और हस्तकला एवं हथकरघा की मनभावन वस्तुओं की प्रदर्शनी के लिए 50 और स्टॉल लगेंगे। अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा राज्यों के लिए निर्धारित 12 से 15 ऐसे अलग पैविलियन होंगे जहां वे अपने पर्यटन उत्पादों, संस्कृति एवं विरासत, उपलब्धियों, विकास कार्य प्रगति इत्यादि से जुड़े सामान को प्रदर्शित करेंगे। उन्होंने बताया, ‘‘देश में विविधता में एकता के प्रदर्शन के लिए आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, असम, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, नगालैंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, ओडिशा, हरियाणा और केरल जैसे राज्य अपने यहां के स्थानीय संगठनों के प्रतिनिधियों को लेकर आएंगे।’’
उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित हो रहा यह समारोह अपनी तरह का पहला ऐसा कार्यक्रम है। कार्यक्रम के आयोजन में पर्यटन मंत्रालय के अलावा कपड़ा, संस्कृति एवं रक्षा मंत्रालय की भी भागीदारी होगी। कार्यक्रम आयोजन की व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए पर्यटन सचिव विनोद जुत्शी ने हाल में एक बैठक की अध्यक्षता की थी, जिसमें विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों के प्रतिनिधियों, राज्य सरकारों एवं केंद्र शासित सरकारों के प्रतिनिधियों, पुलिस, स्वास्थ्य एवं सीपीडब्ल्यूडी से अधिकारियों ने हिस्सा लिया था।
अन्य न्यूज़