Assam Border: 11 घुसपैठियों को रोका गया, Himanta Biswa Sarma ने की पुष्टि

असम के दक्षिण सालमारा में भारत की सीमा में गैर-कानूनी तरीके से घुसने की कोशिश कर रहे 11 विदेशी नागरिकों को सुरक्षा बलों ने रोक दिया। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोशल मीडिया पर इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि राज्य अवैध घुसपैठ को रोकने के लिए पूरी तरह सतर्क है। हालांकि उन्होंने पकड़े गए लोगों की नागरिकता या पहचान के बारे में कोई ब्योरा साझा नहीं किया।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि 11 विदेशी नागरिकों को भारत की सीमा में गैर-कानूनी तरीके से घुसने से रोका गया। शर्मा ने मंगलवार रात सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जॉनी जॉनी? यस पापा।
स्नीकिंग इन? (छिपकर घुस रहे?) नो पापा। दक्षिण सालमारा में भारत की सीमा में गैर-कानूनी तरीके से घुसने की कोशिश कर रहे 11 लोगों की तुरंत पहचान की गई और उन्हें हमारी सीमा में घुसने से रोका गया।’’ हालांकि, उन्होंने घुसपैठियों की जाति या वे किस देश से आ रहे थे, जैसी जानकारी नहीं दी।
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘असम सतर्क है। अवैध घुसपैठ को हर दिन, हर बार रोका जाएगा।’’ असम के श्रीभूमि, कछार, धुबरी और दक्षिण सालमारा-मानकाचर जिलों की बांग्लादेश के साथ 267.5 किलोमीटर लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा लगती है। श्रीभूमि के सूत्रकांडी में एक एकीकृत जांच चौकी (आईसीपी) है।
पूर्वोत्तर में भारत-बांग्लादेश सीमा के पास कुल तीन आईसीपी हैं और अन्य दो आईसीपी मेघालय के डावकी में और त्रिपुरा में अखौरा में स्थित हैं। इस इलाके में भारत-भूटान सीमा पर असम के दरंगा में एक और आईसीपी है। असम पुलिस ने पहले कहा था कि 2024 में बांग्लादेश में राजनीतिक उथल-पुथल के बाद राज्य की पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) कानून के मुताबिक गैर-भारतीयों को पड़ोसी देश में घुसने से रोकने के लिए हर संभव कोशिश करेंगे।
हालांकि, भारतीय पासपोर्ट रखने वाले सभी लोगों को राज्य में बने प्रवेश स्थलों के जरिए बांग्लादेश से वापसी की इजाजत दी गई है।
अन्य न्यूज़















