उत्तराखंड में 9,000 फुट से अधिक ऊंचाई पर तैनात होमगार्ड जवानों को प्रोत्साहन राशि मिलेगी: धामी

CM Dhami
ANI

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशिक्षित होमगार्ड को राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के जवानों के साथ तैनात किए जाने पर प्रतिदिन 100 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को कहा कि राज्य में 9,000 फुट से अधिक की ऊंचाई पर तैनात होमगार्ड के जवानों को पुलिस और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के जवानों की तरह 200 रुपये प्रतिदिन की प्रोत्साहन राशि मिलेगी।

धामी ने यहां बल के राज्य मुख्यालय में होमगार्ड स्थापना दिवस के मौके पर कई कल्याणकारी उपायों की घोषणा करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि होमगार्ड स्वयंसेवकों को 60 वर्ष की सेवानिवृत्ति आयु प्राप्त करने पर दी जाने वाली राशि में 50,000 रुपये की वृद्धि की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशिक्षित होमगार्ड को राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के जवानों के साथ तैनात किए जाने पर प्रतिदिन 100 रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।

उन्होंने कहा कि होमगार्ड विभाग में राजपत्रित और अराजपत्रित अधिकारियों के लिए लागू वर्दी भत्ता भी हर साल दिया जाएगा। धामी ने हमेशा विपरीत परिस्थितियों का सामना करने और देश की सेवा करने के लिए तत्पर रहने वाले होमगार्ड स्वयंसेवकों की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य सरकार उनके कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि परेड में बड़ी संख्या में महिला होमगार्ड की भागीदारी महिला सशक्तीकरण का प्रतीक है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़