यहां मैं जनता की सेवा के लिए जागता हूं, कांग्रेसी मेरे कारण नहीं सोते: शिवराज

i-awake-to-serve-the-people-here-congress-does-not-sleep-because-of-me-shivraj
[email protected] । Nov 21 2018 4:46PM

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेता किसान, किसान कहते रहते हैं, लेकिन अब तक किसानों के लिए कुछ नहीं किया। 54 साल तक मध्यप्रदेश में राज किया, लेकिन किसानों की भलाई के लिए यदि कोई काम किया हो तो बताएं।

बालघाट/भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मैं जनता की सेवा के लिए जागता रहता हूं, लेकिन कांग्रेस के नेताओं को मेरे कारण नींद नहीं आती है। 15 वर्ष हो गए कुर्सी से दूर हुए, अब उन्हें कुर्सी की ज्यादा चिंता हो रही है। उनका एकमात्र लक्ष्य है किसी तरह चुनाव जीतना, लेकिन मेरा सिर्फ एक ही लक्ष्य है प्रदेश को समृद्धशाली बनाकर हर वर्ग का विकास करना। इसके लिए मैं दिन-रात मेहनत करने में जुटा हुआ हैं। मुख्यमंत्री बालाघाट जिले की विधानसभा बैहर में पार्टी प्रात्याशी अनुपमा नेताम और विधानसभा वारासिवनी में प्रत्याशी योगेंद्र निर्मल के समर्थन में सभा को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने जितना विकास 15 वर्षों में किया है उतना विकास कांग्रेस 54 वर्षों मंे भी नहीं कर पाई थी। हमें बीमारू मध्यप्रदेश मिला था, लेकिन हमने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य से बाहर निकालकर पहले विकासशील बनाया, फिर विकसित बनाया और अब समृद्धशाली प्रदेश बनाना है। उन्होंने कहा हमारे समृद्ध प्रदेश में महिलाओं का सशक्तिकरण होगा, युवाओं को हर साल 10 लाख रोजगार एवं स्वरोजगार देंगे, बेटे-बेटियों की पढ़ाई की व्यवस्था कराएंगे, बेटियों को 12 वीं में 70 प्रतिशत अंक लाने पर कॉलेज जाने के लिए स्कूटी देंगे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेता किसान, किसान कहते रहते हैं, लेकिन अब तक किसानों के लिए कुछ नहीं किया। 54 साल तक मध्यप्रदेश में राज किया, लेकिन किसानों की भलाई के लिए यदि कोई काम किया हो तो बताएं। कांग्रेस की सरकार में 18 प्रतिशत की दर पर ब्याज मिलता था, लेकिन भाजपा की सरकार ने जीरो प्रतिशत पर किसानों को कर्ज देने की व्यवस्था की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली से राहुल बाबा भी आते हैं और किसानों की बातें करते हैं, लेकिन उन्हें यही नहीं पता कि धान की बाली कैसे लगती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने पंजाब और कर्नाटक में भी किसानों के कर्जमाफी की बातें कही थी, लेकिन अब तक कर्जमाफी कर पाए क्या? अब प्रदेश के किसानों को कर्जमाफी का सपना दिखाकर सत्ता में आना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमने किसानों को गेहूं और धान पर बोनस देने की व्यवस्था शुरू की। यह बोनस इस वर्ष भी दिया जाएगा। छोटे किसानों को भी बोनस देंगे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की सरकार ने मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकारों के मुकाबले 15 गुना ज्यादा काम किया है। उन्होंने 54 वर्ष तक मध्यप्रदेश में राज किया, लेकिन हम 15 वर्षों से सत्ता में हैं और इन वर्षों में हमने उनसे 15 गुना ज्यादा काम किया है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़