झारखंड के 4 लोकसभा क्षेत्र में मतदान कल, दांव पर कई दिग्गजों की किस्मत

in-the-4-lok-sabha-constituencies-of-jharkhand-tomorrow-the-fate-of-many-veterans-is-at-stake

धनबाद के लिए 20, गिरिडीह के लिए 15 और सिंहभूम के लिए नौ प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। धनबाद में भाजपा के निवर्तमान सांसद पीएन सिंह का मुकाबला कांग्रेस के उम्मीदवार कीर्ति आजाद से है वहीं जमशेदपुर में भाजपा के निवर्तमान सांसद बिद्युत बरण महतो का मुकाबला झारखंड मुक्ति मोर्चा के चंपई सोरेन से है।

रांची। झारखंड में तीसरे चरण में चार लोकसभा सीटों के लिए 12 मई को मतदान होगा। इस चरण में गिरिडीह से राज्य के जल संसाधन मंत्री और राजग-आज्सू के चंद्रप्रकाश चैधरी,सिंहभूम सीट से भ्रष्टाचार के मामलों में आरोपी पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़़ा की पत्नी गीता कोड़़ा और भाजपा के तीन निवर्तमान सांसदों प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ, जमशेदपुर से विद्युत बरण महतो और धनबाद से पीएन सिंह के भाग्य का फैसला होगा। रविवार को कुल 8300 मतदान केंद्रों पर 66,85,401 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर कुल 67 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। चुनाव प्रचार कार्य शुक्रवार की शाम संपन्न हो गया।

इसे भी पढ़ें: भाजपा कभी वंशवाद की राजनीति नहीं करती, दास बोले- तभी मजदूर CM बन गया

झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल खियांग्ते ने यहां बताया कि झारखंड में तीसरे चरण (भारत निर्वाचन आयोग के छठा चरण) में गिरिडीह,धनबाद,जमशेदपुर और सिंहभूम (अनुसूचित जनजाति के लिए सुरक्षित)लोकसभा सीट के लिए 12 मई को होनेवाले मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

इसे भी पढ़ें: कांग्रेस ने पवन बंसल और परणीत कौर समेत 20 उम्मीदवारों की घोषणा की

एल खियांग्ते ने कहा कि इन चार सीटों के लिए कुल 8300 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. जिनमें से 2582 मतदान केंद्र शहर और 5718 मतदान केंद्र ग्रामीण इलाके में हैं। इन मतदान केंद्रों पर कुल 66,85,401 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान सुबह सात बजे से शाम चार बजे तक होगा। इनमें 35,05,565 पुरुष, 31,79,720 महिला और तीसरे लिंग के 104 मतदाता है। इसके अलावा 84,338 नए मतदाता (18-19 साल के) पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। उन्होंने बताया कि नए मतदाताओं में 49,727 पुरुष, 34,604 महिला और 7 तीसरे लिंग के हैं। इन चारों सीट के लिए कुल 67 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं जिनमें 57 पुरुष और 10 महिला प्रत्याशी हैं।

इसे भी पढ़ें: राबड़ी देवी का आरोप, लालू प्रसाद को जहर देने की साजिश रच रही है भाजपा

उन्होंने बताया कि सर्वाधिक 23 प्रत्याशी जमशेदपुर सीट से चुनाव मैदान में हैं। धनबाद के लिए 20, गिरिडीह के लिए 15 और सिंहभूम के लिए नौ प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। धनबाद में भाजपा के निवर्तमान सांसद पीएन सिंह का मुकाबला कांग्रेस के उम्मीदवार कीर्ति आजाद से है वहीं जमशेदपुर में भाजपा के निवर्तमान सांसद बिद्युत बरण महतो का मुकाबला झारखंड मुक्ति मोर्चा के चंपई सोरेन से है। सिंहभूम से पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़़ा की पत्नी गीता कोड़ा कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं और उनका मुकाबले वहां से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ से हैं। इसके अलावा गिरिडीह लोकसभा क्षेत्र से भाजपा समर्थित आल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन के उम्मीदवार राज्य के जल संसाधन मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी का मुकाबला झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार जगन्नाथ महतो से है।

इसे भी पढ़ें: आजादी के बाद से ही गरीबी हटाने के नाम पर देश से धोखा करती रही कांग्रेस: राजनाथ

इस दौर की चारों सीटों पर कांग्रेस-झामुमो और झाविमो के महागठबंधन का मुकाबला सीधे भाजपा नीत राजग के उम्मीदवारों से है अतः इन सीटों पर मुकाबला बहुत रोचक होने की संभावना है। अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनय कुमार चौबे ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 12 मई को होनेवाले चुनाव के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और इसके लिए लगभग 40 हजार सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है। साथ ही सभी मतदान केंद्रों पर सशस्त्र पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि मतदाता भयमुक्त होकर मतदान कर सकें। इसके अलावा अति संवेदनशील और संवेदनशील मतदान केंद्रों में शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए केंद्रीय अर्धसैनिक बल के जवानों की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि झारखंड में तीसरे चरण के लिए 175 कंपनी केंद्रीय अर्धसैनिक बल, 52 कंपनी राज्य पुलिस, 20375 के लगभग जिला पुलिस, और 5972 के लगभग पुलिस अफसरों को तैनात किया गया है।

इसे भी पढ़ें: हेमंत सोरेन ने कहा, झारखंड में पक्का हुआ महागठबंधन

उन्होंने बताया कि इस मौके पर 3426 लाइसेंसी हथियार जमा कराये गये हैं और 229 के लाइसेंस रद्द किये गये हैं। किसी आपात स्थिति के लिए एक एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। यह एंबुलेंस मतदान के एक दिन पूर्व से लेकर मतदान के एक दिन बाद तक उपलब्ध होगी। इसके साथ संवेदनशील मतदान केंद्रों की निगरानी के लिए 3 हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल किया जाएगा। राज्य की शेष तीन लोकसभा सीटों दुमका, राजमहल और गोड्डा के लिए अंतिम चरण में 19 मई को मतदान होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गोड्डा में चुनाव रैली के लिए स्वयं 15 मई को पहुंच रहे हैं।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़