खराब मौसम के चलते मंडी नहीं पहुंच पाईं प्रियंका, वीडियो संदेश के जरिए मांगा समर्थन

in-video-message-priyanka-urges-voters-in-hp-to-support-congress-mandi-candidate
[email protected] । May 15 2019 9:12AM

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने 55 सैकंड के क्लिप में लोगों से अपील की कि अगर वे अपने लोकसभा क्षेत्र में विकास होते देखना चाहते हैं तो कांग्रेस को वोट दें।

शिमला। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा खराब मौसम की वजह से मंगलवार को यहां की एक रैली में शामिल नहीं हो पाईं, लेकिन उन्होंने वीडियो क्लिप भेजकर मतदाताओं से पार्टी के मंडी से प्रत्याशी आश्रय शर्मा के लिए समर्थन मांगा। प्रियंका ने 55 सैकंड के क्लिप में लोगों से अपील की कि अगर वे अपने लोकसभा क्षेत्र में विकास होते देखना चाहते हैं तो कांग्रेस को वोट दें। प्रियंका को मंडी के कांग्रेस प्रत्याशी आश्रय शर्मा के पक्ष में सुंदरनगर में एक रैली को संबोधित करना था। आश्रय शर्मा भाजपा के मौजूदा सांसद राम स्वरूप शर्मा के खिलाफ मैदान में हैं।

इसे भी पढ़ें: ...जब कार रोककर मोदी-मोदी कहने वाले लोगों से जाकर मिलीं प्रियंका गांधी

आश्रय पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम के पोते हैं। आश्रय के पिता अनिल शर्मा ने हाल में प्रदेश सरकार की कैबिनेट से इस्तीफा दिया है। हिमाचल प्रदेश की सभी चार सीटों पर 19 मई को चुनाव होना है। साल 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले अनिल शर्मा अपने बेटे आश्रय और पिता सुखराम के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। उन्होंने मंडी विधानसभा सीट से चुनाव जीता था और प्रदेश की भाजपा सरकार में ऊर्जा मंत्री बनाए गए थे।

इसे भी पढ़ें: खराब मौसम की वजह से प्रियंका की हिमाचल प्रदेश की सभा हुई रद्द

प्रियंका की गैरमौजूदगी में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, हिमाचल की कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल, कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्निहोत्री तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखराम ने रैली को संबोधित किया। सभी कांग्रेसी नेताओं ने अपने भाषणों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर निशाना साधा। महत्वपूर्ण बात यह भी है कि आश्रय शर्मा खुद भी रैली में उपस्थित नहीं थे।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़