भारत ने द.कोरिया के नागरिकों के लिये ‘आगमन पर वीजा’ सुविधा शुरू की

india-launches-visa-on-arrival-facility-for-citizens-south-korea
[email protected] । Dec 9 2018 3:06PM

भारत ने दक्षिण कोरिया के नागरिकों के लिये ‘आगमन पर वीजा’ सुविधा की शुरूआत की है। इस कदम से पर्यटकों और व्यावसायिक आगंतुकों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है।

नयी दिल्ली। भारत ने दक्षिण कोरिया के नागरिकों के लिये ‘आगमन पर वीजा’ सुविधा की शुरूआत की है। इस कदम से पर्यटकों और व्यावसायिक आगंतुकों की संख्या में इजाफा होने की उम्मीद है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। जापान के बाद दक्षिण कोरिया ऐसा दूसरा देश है जिसके नागरिकों को अब भारत ‘आगमन पर वीजा’ की सुविधा दे रहा है। जापान के नागरिकों को यह सुविधा मार्च 2016 से मिल रही है। गृह मंत्रालय के अधिकारी ने बताया कि भारत ने दक्षिण कोरिया के नागरिकों को यह सुविधा उपलब्ध कराने का फैसला किया है। यह सुविधा एक अक्टूबर, 2018 से प्रभावी हो गयी है।

यह भी पढ़ें- बीजेपी और देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोई विकल्प नहीं: उमा भारती

जापानी नागरिकों की तरह दक्षिण कोरिया के नागरिकों को भी दोहरे प्रवेश की सुविधा शामिल है। हालांकि यात्रा 60 दिनों की अवधि से अधिक की नहीं होनी चाहिए। कारोबार, पर्यटन, सम्मेलन या चिकित्सा के उद्देश्य से आने वाले दक्षिण कोरियाई नागरिक इस सुविधा का लाभ लेकर छह निर्दिष्ट अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डों दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरू और हैदराबाद से देश में प्रवेश कर सकते हैं। एक अनुमान के अनुसार हर साल करीब दो लाख भारतीय वीजा दक्षिण कोरिया के नागरिकों को दिये जाते हैं, जिनमें से 80 प्रतिशत सैलानी होते हैं। औसतन 600 दक्षिण कोरियाई नागरिक हर दिन दिल्ली आते हैं।

यह भी पढ़ें- मुंबई में हीरा कारोबारी की हत्या मामले में TV की 'गोपी बहू' हिरासत में...

हालांकि इससे पहले ‘आगमन पर वीजा’ सुविधा की पेशकश 12 देशों कंबोडिया, फिनलैंड, इंडोनेशिया, जापान, लाओस, लक्जमबर्ग, म्यामां, न्यूजीलैंड, फिलीपीन, सिंगापुर, वियतनाम और दक्षिण कोरिया को की गयी थी। लेकिन ‘ई-टूरिस्ट वीजा’ योजना की शुरूआत के बाद नवंबर 2014 में इसे रोक दिया गया। ‘ई-टूरिस्ट वीजा’ सुविधा में अब 166 देश शामिल हैं और विदेशी नागरिक पर्यटन, व्यवसाय, स्वास्थ्य, चिकित्सा और सम्मेलन के उद्देश्य से 72 घंटे के अंदर ऑनलाइन वीजा पा सकते हैं।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़