केजरीवाल ने प्रमुख स्वामी को श्रद्धांजलि अर्पित की
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्वामीनारायण संप्रदाय के आध्यात्मिक प्रमुख, प्रमुख स्वामी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आज सारंगपुर का दौरा किया।
अहमदाबाद। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने स्वामीनारायण संप्रदाय के आध्यात्मिक प्रमुख, प्रमुख स्वामी को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए आज सारंगपुर का दौरा किया। प्रमुख स्वामी का पिछले सप्ताह बोटाड जिले में निधन हो गया था। केजरीवाल ने मीडियाकर्मियों ने कहा, ‘‘मेरा विश्वास है कि कुछ लोग मानवता की भलाई के लिए युगों में एक बार जन्म लेते हैं। प्रमुख स्वामी उनमें से एक थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन मानवता की सेवा और हिंदू संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए समर्पित कर दिया।’’
दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा, देश में कई मंदिरों और अस्पतालों के निर्माण के माध्यम से स्वामीजी का ‘‘मानवता की सेवा के लिए निस्वार्थ समर्पण आने वाले समय में मानवता के साथ रहेगा।'' केजरीवाल ने कहा, ‘‘उनके निधन ने सिर्फ गुजरात या भारत को ही नहीं बल्कि पुरी दुनिया को स्तंभित कर दिया है। भले ही उन्होंने अपना शरीर छोड़ दिया हो लेकिन उनकी आत्मा, उनकी चेतना और उनका संदेश आने वाले समय में मानवता के साथ रहेगा।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक ने कहा कि उनके लिए प्रमुख स्वामी के निधन की खबर पर विश्वास करना मुश्किल है। केजरीवाल ने कहा कि हालांकि वह प्रमुख स्वामी से कभी नहीं मिले थे। उन्हें कई लोगों के माध्यम से उनके कार्यों के बारे में पता चला था। बोचासणवासी अक्षर पुरुषोत्तम संस्था (बीएपीएस) स्वामीनारायण संस्था के प्रमुख, प्रमुख स्वामी महाराज का पिछले शनिवार को निधन हो गया था।
अन्य न्यूज़