सीबीआई ने हिमाचल के कोटखाई में हुए दुष्कर्म का मामला सुलझाया
सीबीआई ने शिमला के कोटखाई इलाके में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और हत्या के नौ महीने पुराने मामले को सुलझाते हुए हिमाचल प्रदेश के 25 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
सीबीआई ने शिमला के कोटखाई इलाके में एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और हत्या के नौ महीने पुराने मामले को सुलझाते हुए हिमाचल प्रदेश के 25 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने आज यह जानकारी दी। गिरफ्तार व्यक्ति के डीएनए का घटनास्थल से बरामद अनुवांशिक सामग्री से मिलान हो गया है। पिछले साल जुलाई में कोटखाई के जंगलों में लड़की का शव बरामद होने के बाद चुनावी प्रदेश में राजनीति गरमा गयी थी और यह एक बड़ा राजनीतिक मुद्दा बन गया था।
स्थानीय पुलिस ने संदेह के आधार पर कुछ लोगों को गिरफ्तार किया था। लेकिन झूठ पकड़ने की मशीन से जांच के बाद उन्हें बरी कर दिया था। एजेंसी ने अब अनिल कुमार नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि अनिल कुमार का डीएनए घटनास्थल तथा शव से बरामद अनुवांशिक सामग्री से 100 प्रतिशत मिलता है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध हिमाचल प्रदेश का ही निवासी है लेकिन वह दूसरे क्षेत्र से है। अपराध के बाद वह छिप कर रह रहा था।
अन्य न्यूज़