#LatestNews देश दुनिया को प्रभावित करने वाली आज की सबसे बड़ी ख़बरें 23 March 2019

latest-breaking-news-in-hindi-23-march-2019

प्रभासाक्षी की विशेष पेशकश दिनभर की बड़ी ख़बरों से सम्बंधित बुलेटिन में पेश हैं आज दिनांक 23 March 2019 की बड़ी ख़बरें। हमारा यह नया प्रयास आपको कैसा लगा इसके बारे में अपनी प्रतिक्रियाएं हमें अवश्य भेजें।

बिहार NDA के उम्मीदवारों का ऐलान, शत्रुघ्न का टिकट कटा, गिरिराज की बदली सीट

एनडीए ने आज बिहार की सभी 40 लोकसभा सीटों के लिए उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में सुबह 11.30 बजे एनडीए के वरिष्ठ नेताओं ने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। इस बार शत्रुघ्न सिन्हा और शाहनवाज हुसैन को झटका लगा है। पटना साहिब से शत्रुघ्न सिन्हा का टिकट काट दिया गया है। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद पटना साहिब से भाजपा के उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं केबिनेट मंत्री गिरिराज सिंह की सीट में बदलाव किया है। गिरिराज सिंह  को नवादा की जगह  बेगुसराय से टिकट दिया गया हैं।

राम मनोहर लोहिया को आदर्श बताते हुए पीएम मोदी ने साधा महागठबंधन पर निशाना

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि कांग्रेसवाद का विरोध डॉ. लोहिया के हृदय में रचा-बसा था, लेकिन डॉ. लोहिया को अपना आदर्श बताने वाले दलों ने उनके सिद्धांतों को तिलांजलि दे दी है और उसी कांग्रेस के साथ तथाकथित लोहियावादी पार्टियां अवसरवादी महामिलावटी गठबंधन बनाने को बेचैन हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने ब्लॉग में लिखा, ‘‘आज अद्वितीय विचारक, क्रांतिकारी तथा अप्रतिम देशभक्त डॉ. राम मनोहर लोहिया को उनकी जयंती पर सादर नमन। प्रखर बुद्धि के धनी डॉ. लोहिया में जन सरोकार की राजनीति के प्रति गहरी आस्था थी।’

भाजपा ने जारी की 36 उम्मीदवारों की दूसरी सूची, पुरी से चुनाव लड़ेंगे संबित पात्रा

भाजपा ने लोकसभा चुनाव के लिए शुक्रवार देर रात अपने 36 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की । इस सूची में आंध्र प्रदेश में लोकसभा चुनाव के लिए 23 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं जहां 11 अप्रैल को पहले चरण में मतदान होगा। सूची में महाराष्ट्र के लिए छह और ओडिशा के लिए पांच उम्मीदवारों के नाम भी शमिल हैं। इसके अलावा सूची में असम और मेघालय की लोकसभा सीटों के लिए एक-एक उम्मीदवार की घोषणा की गई। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सम्बित पात्रा ओडिशा के पुरी संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से आम चुनाव लड़ेंगे।

जम्मू-कश्मीर में सेना से मुठभेड़ों में दो पाकिस्तानियों समेत छह आतंकवादी ढेर

जम्मू कश्मीर के बांदीपोरा और शोपियां जिलों में शुक्रवार को सुरक्षा बलों के साथ अलग-अलग मुठभेड़ों में छह आतंकवादी मारे गए। इनमें दो पाकिस्तानी नागरिक शामिल हैं जिन्होंने 12 वर्ष के एक लड़के को बंधक बनाकर उसकी हत्या कर दी थी। बृहस्पतिवार को शुरू हुई मुठभेड़ों में मरने वाले आतंकवादियों की संख्या आठ हो गई है। अधिकारियों ने बताया कि लश्कर-ए-तैयबा के दो आतंकवादी बांदीपोरा जिले के हाजिन इलाके में रातभर चली मुठभेड़ में मारे गए।

कांग्रेस ने जारी की 34 उम्मीदवारों की सूची, राज बब्बर अब फतेहपुर सीकरी से लड़ेंगे चुनाव

कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, जम्मू कश्मीर, तमिलनाडु, त्रिपुरा और पुडुचेरी में लोकसभा की 34 सीटों के लिए उम्मीदवार घोषित किए हैं। पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक की ओर से शुक्रवार देर रात जारी सूची के मुताबिक पार्टी ने अब उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज बब्बर को फतेहपुर सीकरी से उम्मीदवार बनाया है, हालांकि पहले उन्हें मुरादाबाद से उम्मीदवार घोषित किया गया था।

VHP के पूर्व नेता प्रवीण तोगड़िया का बड़ा एलान, पार्टी 100 लोकसभा सीटों पर लड़ेगी चुनाव

विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के पूर्व नेता प्रवीण तोगड़िया ने शुक्रवार को कहा कि उनकी नवगठित पार्टी देश भर में करीब 100 लोकसभा सीटों पर चुना लड़ेगी, जिनमें गुजरात की 15 सीटें भी शामिल हैं। तोगड़िया ने हाल में हिंदुस्तान निर्माण दल (एचएनडी) पार्टी बनायी है और पार्टी ने अपने 41 उम्मीदवारों की सूची जारी की है।

शिवसेना ने कसा तंज कह भाजपा ने भीष्माचार्य को जबरन कर दिया रिटायर, सबसे बड़े नेता हैं आडवाणी

शिवसेना ने शनिवार का कहा कि चुनाव में खड़े न होने के बावजूद लालकृष्ण आडवाणी भाजपा के ‘सबसे बड़े’ नेता रहेंगे। पार्टी ने गांधीनगर सीट से भाजपा प्रमुख अमित शाह को उम्मीदवार बनाए जाने के दो दिन बाद यह टिप्पणी की। इस सीट का प्रतिनिधित्व आडवाणी करते रहे हैं। शिवसेना ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ में एक संपादकीय में कहा कि आडवाणी की जगह शाह के चुनाव लड़ने को राजनीतिक रूप से ऐसा माना जा रहा है कि भारतीय राजनीति के ‘भीष्माचार्य’ को जबरन सेवानिवृत्ति दे दी गई है। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़