#LatestNews देश दुनिया को प्रभावित करने वाली आज की सबसे बड़ी ख़बरें 27 March 2019

latest-breaking-news-in-hindi-27-march-2019

प्रभासाक्षी की विशेष पेशकश दिनभर की बड़ी ख़बरों से सम्बंधित बुलेटिन में पेश हैं आज दिनांक 27 Mar 2019 की बड़ी ख़बरें। हमारा यह नया प्रयास आपको कैसा लगा इसके बारे में अपनी प्रतिक्रियाएं हमें अवश्य भेजें।

कांग्रेस में शामिल हुईं छम्मा-छम्मा गर्ल उर्मिला, मुंबई उत्तरी सीट से लड़ सकती हैं चुनाव

रंगीला, जुदाई, दौड़, लज्जा जैसी फिल्मों में अपने अभिनय के दम पर लोगों का दिल जीतने वाली बॉलीवु़ड अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर ने आज कांग्रेस का हाथ थाम लिया। 45 साल की उर्मिला फिलहाल लंबे समय से फिल्मों से दूर हैं। कांग्रेस में शामिल होने के बाद पार्टी उन्हें मुंबई के मुंबई उत्तरी सीट से अपना उम्मीदवार बना सकती है।

मिशन शक्ति को मिली कामयाबी, भारत ने Live सैटेलाइट को मार गिराया: PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नाम महत्वपूर्ण संदेश देते हुए कहा कि भारत आज अंतरिक्ष महाशक्ति बन गया है। बता दें कि पीएम ने कहा कि भारत ने लाइव सैटेलाइट को मार गिराया है और इस 'मिशन शक्ति' को महज 3 मिनट में पूरा किया है। मोदी ने आगे कहा कि वैज्ञानिकों द्वारा सभी निर्धारित लक्ष्य और उद्देश्यों की प्राप्ति हो गई है और इसे भारत द्वारा बनाए गए ए-सेट सैटेलाइट द्वारा पूरा किया गया है। 

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने उपमुख्यमंत्री धवलीकर को कैबिनेट से हटाया

एमजीपी के दो विधायकों के अपनी पार्टी से अलग होकर सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल होने के बाद गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने उपमुख्यमंत्री सुदीन धवलीकर को बुधवार को कैबिनेट से हटा दिया। धवलीकर एमजीपी के एकमात्र विधायक थे, जो पार्टी से अलग नहीं हुए थे। सावंत ने गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा के नाम संबोधित पत्र में धवलीकर को हटाए जाने की सूचना दी।

मिसाइल क्षमता पर राष्ट्र को संबोधित कर मोदी ने जमीनी मुद्दों से ध्यान भटकाया: अखिलेश

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर आरोप लगाया कि उन्होंने भारत की एंटी सैटेलाइट मिसाइल क्षमता पर राष्ट्र को संबोधित कर जमीनी मुद्दों से देश का ध्यान बंटाया। अखिलेश ने ट्वीट कर कहा कि आज नरेन्द्र मोदी मुफ्त में घंटा भर टीवी पर रहे और उन्होंने आकाश की ओर इशारा कर बेरोजगारी, ग्रामीण संकट, महिला सुरक्षा जैसे जमीनी मुद्दों से देश का ध्यान बंटाया। प्रधानमंत्री के उद्बोधन का टेलिविजन, रेडियो और सोशल मीडिया पर प्रसारण किए जाने के कुछ ही मिनट बाद सपा अध्यक्ष का ट्वीट आया।

आडवाणी के टिकट कटने पर बोलीं ममता, वरिष्ठ नेताओं का भाजपा कर रही अपमान

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को भाजपा के स्तंभों में से एक बताते हुए कहा है कि प्रत्याशियों की सूची में उन्हें स्थान नहीं देना दिग्गज नेता का एक अपमान है। तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी ने कहा कि राजनीतिक दलों को अपने वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी नहीं करनी चाहिए। उन्होंने मंगलवार को राज्य सचिवालय में संवाददाताओं से कहा, ‘अटल बिहारी वाजपेयी जी, आडवाणी जी भाजपा के स्तंभ थे। आडवाणी जी एक वरिष्ठ व्यक्ति हैं। और अब उन्हें कैसे दरकिनार किया जा सकता है। निश्चित रूप से यह आडवाणी जी का अपमान है।

भाजपा में शामिल हुए निरहुआ, आजमगढ़ में अखिलेश को देंगे चुनौती

देश में आम चुनाव है और ऐसे में फिल्मी हस्तियों का भी विभिन्न पार्टियों में शामिल होने का सिलसिला जारी है। इसी कड़ी में आज भोजपुरी फिल्म जगत के दिग्गज अभिनेता दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' भाजपा में शामिल हो गए हैं। निरहुआ ने आज सुबह योगी आदित्यनाथ से मुलाकात करने के बाद भाजपा में शामिल हुए।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़