#LatestHindiNews देश दुनिया को प्रभावित करने वाली आज की सबसे बड़ी ख़बरें 12 Sep 2019

latest-breaking-news-in-hindi-of-12-sep-2019

प्रभासाक्षी की विशेष पेशकश दिनभर की बड़ी ख़बरों से सम्बंधित बुलेटिन में पेश हैं आज की बड़ी ख़बरें। हमारा यह नया प्रयास आपको कैसा लगा इसके बारे में अपनी प्रतिक्रियाएं हमें अवश्य भेजें।

PAK के गृह मंत्री ने कबूला और कहा कश्मीर पर हमारी बात नहीं सुन रही दुनिया

जम्मू-कश्मीर के मसले पर भारत पर आरोप लगा रहा पाकिस्तान पूरी दुनिया में अलग-थलग पड़ा है। अब पाकिस्तान के मंत्री भी इस बात को कबूल करने लगे हैं कि पाकिस्तान की बात को दुनिया में कोई सुन नहीं रहा है और जो सुन रहा है वो विश्वास नहीं कर रहा है। पाकिस्तान के गृह मंत्री ब्रिगेडियर एजाज अहमद शाह ने एक इंटरव्यू में ऐसा कहा कि भारत ने कश्मीर में कर्फ्यू लगाया है और वहां जुल्म किया जा रहा है लेकिन कोई हमारी बात मानने को तैयार नहीं है और हर कोई भारत की बात पर ही विश्वास कर रहा है।

लद्दाख में फिर आमने-सामने आए भारत-चीन के सैनिक, पैंगॉन्ग लेक के पास नोंकझोक

पूर्वी लद्दाख में पेंगोंग त्सो झील के नजदीक बुधवार को भारत और चीन के सैनिकों के बीच गरमागरम बहस हुई। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इलाके में भारतीय सैनिकों की गश्त पर चीन के सैनिकों ने आपत्ति जताई जिसके बाद यह बहस हुई। इसके बाद दोनों सेनाओं के बीच तनाव कम करने के लिए ब्रिगेडियर रैंक के अधिकारियों की फ्लैग मीटिंग हुई और प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के दौरान सुलझा लिया गया।

नए ट्रैफिक कानून के खिलाफ ये 11 राज्य, तीन ने घटाई जुर्माने की राशि, नरम पड़े गडकरी

नए ट्रैफिक कानून पर केंद्र और राज्यों के बीच विवाद बढ़ता ही जा रहा है। भाजपा शासित गुजरात और उत्तराखंड ने जुर्माने की राशि को घटा दिया है वहीं राजस्थान सरकार ने भी 33 प्रावधानों में से 17 में बदलाव कर जुर्माने में 50 फीसदी तक की कटौती कर दी है। जुर्माने की राशि को कम करने को लेकर दो और भाजपा शासित राज्य कर्नाटक और महाराष्ट्र विचार कर रहे हैं। इस बीच, भाजपा के नेतृत्व वाली गोवा सरकार ने अभी नए नियम लागू करने से इनकार किया और कहा कि भारी-भरकम जुर्माने लगाने से पहले सड़कों को गड्ढ़ा मुक्त करना उसकी नैतिक जिम्मेदारी है।

CM उम्मीदवार पर बटी NDA, पासवान बोले- नीतीश कुमार ही बने रहेंगे हमारा चेहरा

बिहार में भाजपा के एक नेता द्वारा 2020 के विधानसभा चुनाव बाद राजग नेतृत्व परिवर्तन का राग छेड़ने के एक दिन बाद लोजपा प्रमुख रामविलास पासवान ने कहा कि नीतीश कुमार ही राज्य में राजग का चेहरा हैं। उन्होंने उपमुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी के एक ट्वीट को भी उद्धरित करते हुए कहा कि संजय पासवान का बयान भाजपा का अधिकृत बयान नहीं है।

पलायन का सिलसिला जारी, अब कांग्रेस-NCP के दो पूर्व मंत्रियों ने थामा भाजपा का दामन

महाराष्ट्र में कांग्रेस और राकांपा को बुधवार को उस समय झटका लगा जब दोनों पार्टियों के दो पूर्व मंत्रियों ने भाजपा का दामन थाम लिया। दिन में कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री हर्षवर्धन पाटिल भाजपा में शामिल हुए और शाम होते होते राष्ट्रवादी कांग्रेस (राकांपा) के नेता और पूर्व मंत्री गणेश नाइक भी भगवा दल में शामिल हो गए।

इसरो के साथ नासा भी कर रहा लैंडर विक्रम से संपर्क की कोशिश, भेजा 'हैलो' का मैसेज

इसरो चांद की सतह पर पड़े लैंडर विक्रम से दोबारा संपर्क साधने की कोशिश कर रहा है। सात सितंबर को हार्ड लैंडिंग के बाद इसरो का इससे संपर्क टूट गया था। इसी बीच दुनिया की सबसे बड़ी अंतरिक्ष एजेंसी नासा ने चांद की सतह पर गतिहीन पड़े विक्रम लैंडर से संपर्क स्थापित करने के लिए उसे हैलो का संदेश भेजा है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़