#LatestHindiNews देश दुनिया को प्रभावित करने वाली आज की सबसे बड़ी ख़बरें 13 Sep 2019

latest-breaking-news-in-hindi-of-13-sep-2019

प्रभासाक्षी की विशेष पेशकश दिनभर की बड़ी ख़बरों से सम्बंधित बुलेटिन में पेश हैं आज की बड़ी ख़बरें। हमारा यह नया प्रयास आपको कैसा लगा इसके बारे में अपनी प्रतिक्रियाएं हमें अवश्य भेजें।

इमरान का कबूलनामा- जेहादियों को PAK ने ही दी ट्रेनिंग, अमेरिका भी जिम्मेदार

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने कहा है कि उनके देश को आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में अमेरिका का साथ देने की भारी कीमत चुकानी पड़ी है। रशिया टुडे को दिए इंटरव्यू में इमरान खान ने कबूल किया कि शीत युद्ध के दौरान अफगानिस्तान में सोवियत संघ से लड़ने के लिए पाकिस्तान ने ही जिहादियों को तैयार किया था जिसकी फंडिंग अमेरिका ने की थी। लेकिन एक दशक बाद अमेरिका ने इन्हीं जिहादियों को आतंकवादी घोषित कर दिया।

तीन राज्यों का विधानसभा चुनावः फुल मोड में BJP की चुनावी तैयारियां

महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए अभी चुनाव आयोग ने तारीख तय नहीं की है, मगर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की तैयारियां फुल मोड में हैं। राज्य से लेकर राष्ट्रीय मुख्यालय पर बैठकों के जरिए पार्टी चुनावी रणनीति बनाने में जुटी हुई है। वहीं पार्टी नेता राज्यों में रैलियां भी करने में जुटे हैं। हरियाणा और महाराष्ट्र में तो मुख्यमंत्रियों की ओर से चुनावी यात्राएं भी निकाली जा चुकी हैं।

MP में गणपति विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा, नाव पलटने से 11 की मौत

भोपाल में भगवान गणपति विसर्जन के दौरान सुबह नाव पलटने से 11 लोगों की डूबकर मौत हो गई। भोपाल (शहर) के पुलिस उप महानिरीक्षक इरशाद वली ने बताया कि घटना शहर के छोटे तालाब के खटलापुरा पर हुआ। सभी लोग नाव से गणपति विसर्जन के लिए लेकर गए थे। इस हादसे में दो और लोगों के डूबने की आशंका है। उनकी तलाश जारी है। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने हादसे को दुखद बताते हुए घटना की मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिये हैं।

विलय के खिलाफ 26 और 27 सितंबर को बैंक कर्मचारियों ने बुलाई हड़ताल

बैंकों के विलय के खिलाफ अब बैंकिंग सेक्टर के ट्रेड यूनियन प्रदर्शन करेंगे। चार ट्रेड यूनियन संगठनों ने 25 सितंबर की आधी रात से 27 सितंबर की मध्यरात्रि तक हड़ताल बुलाई है। बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के कारण इस महीने लगातार चार दिन तक बैंक बंद रहेंगे।

एक्शन में सोनिया गांधी, कांग्रेस शासित मुख्यमंत्रियों के साथ आज करेंगी बैठक

कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष बनने के बाद सोनिया गांधी पार्टी को दोबारा से खड़ा करने के लिए लगातार सक्रिय हैं। कांग्रेस नेताओं के साथ सोनिया एक के बाद एक बैठकें कर रही हैं। आगामी तीन राज्यों के चुनाव की रणनीति के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ गुरुवार को बैठक के बाद अब शुक्रवार को शाम पांच बजे सोनिया गांधी कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ अपने आवास 10 जनपथ पर बैठक करेंगी।

मनी लॉन्ड्रिंग केस में कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार की कोर्ट में पेशी आज

मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) अपने दफ्तर ले गई है। इससे पहले ईडी की टीम डीके शिवकुमार को तुगलक रोड पुलिस स्टेशन ले गई थी। डीके शिवकुमार की कोर्ट में आज पेशी होगी। दरअसल, ईडी की 9 दिन की कस्टडी आज पूरी हो रही है। ईडी ने शिवकुमार को 3 सितंबर को गिरफ्तार किया था।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़