#LatestHindiNews देश दुनिया को प्रभावित करने वाली आज की सबसे बड़ी ख़बरें 20 Sep 2019

latest-breaking-news-in-hindi-of-20-sep-2019

प्रभासाक्षी की विशेष पेशकश दिनभर की बड़ी ख़बरों से सम्बंधित बुलेटिन में पेश हैं आज की बड़ी ख़बरें। हमारा यह नया प्रयास आपको कैसा लगा इसके बारे में अपनी प्रतिक्रियाएं हमें अवश्य भेजें।

कॉलेज छात्रा से यौन शोषण के आरोपी चिन्मयानंद अपने आश्रम से गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के लॉ कॉलेज की छात्रा के यौन शोषण के मामले में एसआईटी ने पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और भाजपा नेता चिन्मयानंद को गिरफ्तार कर लिया। इसके लिए टीम आज सुबह उनके आश्रम पहुंची थी। यहां से चिन्मयानंद की गिरफ्तारी हुई। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर एसआईटी इस मामले की जांच कर रही है। पिछले दिनों पीड़िता ने एक पैन ड्राइव में सबूत जांच अधिकारियों को सौंपे थे।

हवा से हवा में मार करने में सक्षम है मिसाइल अस्त्र, किए गए 5 सफल परीक्षण

भारत ने ओडिशा तट पर सुखोई -30 एमकेआई युद्धक विमान से हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइल अस्त्र के पांच सफल परीक्षण किए है। यह जानकारी बृहस्पतिवार को एक आधिकारिक बयान में दी गयी।

आज हो सकता है महाराष्ट्र, हरियाणा और झारखंड चुनाव तारीखों का ऐलान

हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड विधानसभा चुनाव पर आज चुनाव आयोग की बैठक है। तीनों राज्यों के लिए चुनाव तारीखों का ऐलान आज हो सकता है। माना जा रहा है कि अक्टूबर में हरियाणा और महाराष्ट्र राज्यों में चुनाव होंगे। झारखंड में दिसंबर में चुनाव के आसार हैं।

वन नेशन, वन लैंग्वेज पर कमल हसन बोले- अंग्रेजी है देश की आम भाषा

वन नेशन, वन लैंग्वेज का विरोध थमता नजर नहीं आ रहा है। अब एक्टर कमल हसन ने कहा कि देश में अंग्रेजी आम भाषा बन गई है, लेकिन यह महज संयोग है। इससे पहले एक्टर रजनीकांत ने किसी भी भाषा को थोपने का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि दक्षिण के राज्यों पर हिंदी थोपना दुर्भाग्युपूर्ण है।

सुप्रीम कोर्ट में नया नियम, अब कई मामलों में सिंगल बेंच करेगी सुनवाई

जज और अदालतों की संख्या बढ़ने के बाद सुप्रीम कोर्ट में नया नियम लागू किया गया है। अब जमानत, अग्रिम जमानत और केस को ट्रांसफर करने की याचिका पर सिंगल जज की बेंच सुनवाई करेगी। अब तक सुप्रीम कोर्ट में एकल जज पीठ का प्रावधान नहीं था। यहां डिवीजन बेंच यानी खण्डपीठ ही होता रहा है, लेकिन अब नई व्यवस्था लागू कर दी गई है।

सुरक्षाबलों के बीच तालमेल अहम, IAF प्रमुख बोले- युद्ध जीतने के लिए हवाई वर्चस्व जरूरी

वायुसेना प्रमुख बीएस धनोआ ने कहा कि युद्ध जीतने के लिए वायु सेना की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। साथ ही उन्होंने सभी सुरक्षा बलों के बीच ताल-मेल की अहमियत को भी रेखांकित किया। हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में परिवीक्षाधीन आईपीएस अधिकारियों को संबोधित करते हुए धनोआ ने उन सुरक्षा मुद्दों के बारे में बताया जिनका सामना देश कर रहा है और परिवीक्षाधीन अधिकारियों से आतंकवाद की चुनौती का मुकाबला करने का आग्रह किया।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़