#LatestHindiNews देश दुनिया को प्रभावित करने वाली आज की सबसे बड़ी ख़बरें 04 July 2019

latest-hindi-news-of-04-july-2019

प्रभासाक्षी की विशेष पेशकश दिनभर की बड़ी ख़बरों से सम्बंधित बुलेटिन में पेश हैं आज की बड़ी ख़बरें। हमारा यह नया प्रयास आपको कैसा लगा इसके बारे में अपनी प्रतिक्रियाएं हमें अवश्य भेजें।

मानहानि मामले को लेकर मुंबई पहुंचे राहुल, नारेबाजी के साथ कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत

राहुल गांधी आरएसएस कार्यकर्ता द्वारा उनके खिलाफ दायर मानहानि मामले के संबंध में अदालत में पेश होने के लिए मुंबई पहुंचे। इस दौरान एयरपोर्ट के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल तुम संघर्ष करो हम तुम्हारे साथ हैं के नारे लगाए। इसी बीच कांग्रेस के मुंबई शहर अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा राहुल गांधी को लेने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे, जिसके बाद अब वह सीधे अदालत जाएंगे। यह पूरा मामला राहुल गांधी द्वारा पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या को भाजपा-आरएसएस विचारधारा से कथित रूप से जोड़ने से संबंधित है।

राहुल के इस्तीफे पर बोलीं प्रियंका, आप साहसी हो और आपके निर्णय का सम्मान है

कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफे की राहुल गांधी की औपचारिक घोषणा पर पार्टी महासचिव और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह अपने भाई के फैसले का सम्मान करती हैं। प्रियंका ने ट्वीट कर कहा कि आपके भीतर जो साहस है वो कुछ ही लोगों में होता है। आपके निर्णय का बहुत सम्मान है। इससे पहले अशोक गहलोत सहित पार्टी के कई नेताओं ने उम्मीद जताई कि राहुल गांधी एक बार फिर कांग्रेस नेतृत्व संभालने पर विचार करेंगे।

'वेज कोड बिल 2019' को मोदी कैबिनेट ने दी मंजूरी, देशभर में कामगारों के लिए न्यूनतम वेतन होगी तय

केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 'वेतन संहिता विधेयक 2019' को बुधवार को मंजूरी दे दी। इस विधेयक के लागू हो जाने के बाद केंद्र सरकार देशभर के कामगारों के लिए न्यूनतम वेतन तय करेगी, जिससे कम वेतन राज्य सरकारें नहीं दे पाएंगी। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने बताया कि सरकार की योजना पुराने कई श्रम कानूनों को सरल कर उनकी जगह सिर्फ चार कानून बनाने की है जो मजदूरी, सामाजिक सुरक्षा, औद्योगिक सुरक्षा और कल्याण तथा औद्योगिक संबंधों से जुड़ी होंगी। मज़दूरों को उनकी मज़दूरी सीधे उनके खाते में भेजने के लिए इंतेज़ाम किए गए हैं।

विश्वप्रसिद्ध पुरी की जगन्नाथ रथयात्रा आज से, गृह मंत्री अमित शाह ने अहमदाबाद में की मंगल आरती

दुनिया भर में मशहूर पुरी की जगन्नाथ रथयात्रा आज से शुरू हो गई है। ओडिशा सरकार ने भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथयात्रा के लिए 10 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए हैं। वहीं, अहमदाबाद की 142वीं जगन्नाथ रथयात्रा भी आज से शुरू हो गई है। आज सुबह केंद्रीय गृह मंत्री और बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने अपने परिवार के साथ अहमदाबाद में मंगल आरती की। पीएम मोदी ने ट्वीट करके लिखा है, कि रथ यात्रा के विशेष अवसर पर सभी को शुभकामनाएं। हम भगवान जगन्नाथ से सभी के अच्छे स्वास्थ्य, सुख और समृद्धि के लिए प्रार्थना करते हैं।

पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर ममता करना चाहती थीं बांग्ला, केंद्र ने ठुकराया प्रस्ताव

केंद्र सरकार ने बुधवार को राज्यसभा को बताया कि उसने पश्चिम बंगाल का नाम बदलकर बांग्ला करने के राज्य सरकार के प्रस्ताव को अपनी सहमति नहीं दी है। इसके बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर संसद के मौजूदा सत्र में इस सिलसिले में संविधान में संशोधन करने सहित जरूरी कारवाई करने का अनुरोध किया।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़