#LatestHindiNews देश दुनिया को प्रभावित करने वाली आज की सबसे बड़ी ख़बरें 07 May 2019

latest-hindi-news-of-07-may-2019

प्रभासाक्षी की विशेष पेशकश दिनभर की बड़ी ख़बरों से सम्बंधित बुलेटिन में पेश हैं आज की बड़ी ख़बरें। हमारा यह नया प्रयास आपको कैसा लगा इसके बारे में अपनी प्रतिक्रियाएं हमें अवश्य भेजें।

प्रियंका ने प्रधानमंत्री को बताया दुर्योधन तो शाह ने कहा- 23 मई को जनता सुनाएगी फैसला

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के बेलदा में प्रियंका गांधी द्वारा प्रधानमंत्री को दुर्योधन कहे जाने का जिक्र करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी ने मोदी जी को दुर्योधन कहा। प्रियंका जी देश की जनता 23 मई को तय कर देगी की दुर्योधन कौन है और अर्जुन कौन? इसी के साथ शाह ने कहा कि कांग्रेस के नेता मोदी जी को अपशब्द कहते हैं, गाली देते हैं। पुराने प्रधानमंत्री का अपमान होता है तो कांग्रेसी बिलखने लगते हैं। अभी के प्रधानमंत्री का अपमान होता है तो आप कुछ नहीं कहते हो।

सीताराम येचुरी  ने कहा मोदी सरकार में देश ने बहुत कुछ खोया है

माकपा महासचिव सीताराम येचुरी ने मोदी सरकार के कार्यकाल में लिए गए फैसलों को देशहित के विपरीत बताते हुये दावा किया कि इससे देश की अर्थव्यवस्था और सुरक्षा जमींदोज हो गयी है। येचुरी ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा, ‘‘ये नाकामियां है, जिसकी जिम्मेदारी से मोदी सरकार बच नहीं सकती। मोदी सरकार ने अर्थव्यवस्था को मिट्टी में मिला दिया।जम्मू कश्मीर में आतंकी हमलों में 176 प्रतिशत का इजाफा हुआ, यद्यपि नोटबंदी का मकसद आतंकियों को वित्तीय मदद रोकना था। सीमा पर पाकिस्तान की ओर से संघर्षविराम का उल्लंघन करने के मामलों में 2014 से 100 फीसदी का इजाफा हुआ है।’’

EVM पर विपक्षी दलों को SC से लगा झटका, VVPAT पर्ची मिलान की अर्जी खारिज

लोकसभा चुनाव 2019 के पांच चरण समाप्त हो चुके हैं और देश की 425 सीटों पर मतदान के बाद सभी उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है। लेकिन ईवीएम से जुड़े मुद्दे को लेकर देश की सबसे बड़ी अदालत में विपक्षी दलों के नेताओं के द्वारा डाली गई याचिका पर सुनवाई हुई। विपक्ष के द्वारा वीवीपैट की पर्चियों के मिलान को लेकर दाखिल की गई पुनर्विचार याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दिया है। याचिका को खारिज करते हुए चीफ जस्टिस रंजन गोगोई ने कहा कि अदालत इस मामले को बार-बार क्यों सुने। मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि वह इस मामले में दखलअंदाजी नहीं करना चाहते हैं।

तेजस्वी ने की भविष्यवाणी, 23 मई के बाद विलुप्त होगी नीतीश की पार्टी

बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री व राजद नेता तेजस्वी यादव द्वारा नीतीश कुमार को लेकर दिए गए बयान ने सियासी घमासन मचा दिया है। तेजस्वी ने कहा कि 23 के बाद नीतीश कुमार और नीतीश कुमार की पार्टी नहीं रहेगी, डायनासोर की तरह ये लोग गायब होने वाले हैं। तेजस्वी ने भाजपा नेता राम माधव के बीते दिनों 271 सीटें जीतने वाले बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देखिये राम माधव भी कह रहे हैं कि बिना सहयोग की सरकार ही नहीं बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि अब भाजपा के लोग कहते हैं महामिलावटी गठबंधन है, तो क्या भाजपा के लोग चुनाव के बाद किसी का सहयोग नहीं लेंगे, आप देखिएगा इनकी कथनी और करनी बहुत अंतर है।

गिरिराज को कोर्ट से मिली राहत, वंदे मातरम वाले बयान पर मिली जमानत

भारतीय जनता पार्टी के बेगूसराय प्रत्याशी और अपने बयानों की वजह से अक्सर विवादों में रहने वाले गिरिराज सिंह को कोर्ट से राहत मिल गई है। कोर्ट ने आचार संहिता उल्लंघन के एक मामले में गिरिराज सिंह को जमानत दे दी है। दरअसल, गिरिराज सिंह की तरफ से बेगूसराय सीजीएम कोर्ट में जमानत की अर्जी दाखिल की गई थी, जिसे फौरी तौर पर सुनने के बाद न्यायालय ने उनको जमानत दी।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़