#LatestHindiNews देश दुनिया को प्रभावित करने वाली आज की सबसे बड़ी ख़बरें 07 Sep 2019

latest-hindi-news-of-07-sep-2019

प्रभासाक्षी की विशेष पेशकश दिनभर की बड़ी ख़बरों से सम्बंधित बुलेटिन में पेश हैं आज की बड़ी ख़बरें। हमारा यह नया प्रयास आपको कैसा लगा इसके बारे में अपनी प्रतिक्रियाएं हमें अवश्य भेजें।

आखिरी मिनटों में विक्रम लैंडर से संपर्क टूटा, प्रधानमंत्री ने बढ़ाया वैज्ञानिकों का हौसला

भारत के चंद्रयान-2 मिशन को शनिवार तड़के उस समय झटका लगा, जब लैंडर विक्रम से चंद्रमा के सतह से महज दो किलोमीटर पहले इसरो का संपर्क टूट गया. इसरो के अध्यक्ष के. सिवन ने संपर्क टूटने का ऐलान करते हुए कहा कि चंद्रमा की सतह से 2.1 किमी पहले तक लैंडर का काम प्लानिंग के मुताबिक था. सॉफ्ट लैंडिंग करने की असफलता के बाद सिवन रो पड़े और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी वैज्ञानिकों का हौसला बढ़ाने के बाद भावुक दिखे इसरो प्रमुख के सिवन को काफी देर तक आत्मीयता से गले लगाया। 

उपराष्ट्रपति ने कहा केवल लैंडर से संपर्क टूटा है, 135 करोड़ भारतीयों की उम्मीद नहीं 

देश के दिग्गज नेता लगातार इसरो के वैज्ञानिकों का प्रोत्साहन बढ़ने में लगे हुए हैं। जहा एक ओर उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने कहा की निराश होने की कोई जरूरत नहीं है, इसरो का केवल लैंडर से संपर्क टूटा है, 1.3 अरब भारतीयों की उम्मीद नहीं  वही दूसरी ओर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि यह सफर थोड़ा लंबा जरूर हुआ है लेकिन आने वाले कल में सफलता जरूर मिलेगी। 

PM मोदी ने मुंबई को मेट्रो की दी सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मुंबई में कई मेट्रो परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इससे पहले उन्होंने गणपति की पूजा अर्चना की। मुंबई पहुंचने पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने एयरपोर्ट पर पीएम मोदी की अगवानी की।

बारामुला जिले में आतंकवादी हमला, एक बच्ची सहित चार घायल

उत्तर कश्मीर के बारामुला जिले में आज आतंकवादियों ने एक मकान पर हमला कर दिया, जिसमें एक बच्ची सहित परिवार के चार सदस्य घायल हो गए। पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, आतंकवाद के इस बेरहम कृत्य में, आतंकवादियों ने सोपोर के डांगेरपोरा गांव में गोलीबारी की और बच्ची उस्मा जान सहित चार लोगों को घायल कर दिया। उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर बनी है। प्रवक्ता ने कहा, पुलिस मौके पर मौजूद है और आगे की जांच जारी है।

पाकिस्तान ने पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा पर किया संघर्ष विराम का उल्लंघन

पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम चौकियों और गांवों को निशाना बनाकर एक बार फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।  रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि कृष्णा घाटी सेक्टर पर सुबह करीब पौने आठ बजे मार्टार दागे गए और गोलीबारी की। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया। आखिरी खबर मिलने तक दोनों ओर से गोलाबारी जारी थी।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़