#LatestHindiNews देश दुनिया को प्रभावित करने वाली आज की सबसे बड़ी ख़बरें 17 April 2019

latest-hindi-news-of-17-april-2019

प्रभासाक्षी की विशेष पेशकश दिनभर की बड़ी ख़बरों से सम्बंधित बुलेटिन में पेश हैं आज की बड़ी ख़बरें। हमारा यह नया प्रयास आपको कैसा लगा इसके बारे में अपनी प्रतिक्रियाएं हमें अवश्य भेजें।

उमा भारती के बिगड़े बोल, कहा- प्रियंका गांधी वाड्रा चोर की पत्नी

केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने मंगलवार को पत्रकारों के सवालों का जवाब देने के दौरान कहा कि कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा चोर की पत्नी हैं और हिन्दुस्तान उन्हें उसी नजर से देखेगा। प्रियंका गांधी के बनारस से चुनाव लड़ने के सवाल पर भारती ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र में कोई भी कहीं से भी चुनाव लड़ सकता है। हालाँकि बाद में उन्होंने अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा की मैंने ईंट का जवाब कंकण से न देकर पत्थर से दिया।

दिग्विजय सिंह के खिलाफ साध्वी प्रज्ञा पर दांव खेलने जा रही भाजपा

कांग्रेस के दिग्गज नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ भाजपा भोपाल से किस प्रत्याशी को उतार रही है उस पर बना संशय अब खत्म होने वाला है। नाम न लिखे जाने की शर्त पर भाजपा सूत्रों ने बताया कि भोपाल सीट से पार्टी ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर सिंह के नाम पर मुहर लगाई है। बता दें कि बुधवार को ही साध्वी प्रज्ञा ने आधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।

ताई’ के बाद ‘भाई’ ने भी किया लोकसभा चुनाव लड़ने से इंकार

मध्यप्रदेश के इंदौर लोकसभा क्षेत्र से टिकट के प्रबल दावेदार माने जा रहे भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने बुधवार सुबह चौंकाने वाली घोषणा की कि वह आम चुनाव नहीं लड़ेंगे। इसके बाद भाजपा के इस 30 साल पुराने गढ़ के भावी चुनावी चेहरे को लेकर कयासों का दौर तेज हो गया है। विजयवर्गीय ने ट्विटर पर कहा,‘‘इंदौर की जनता, कार्यकर्ताओं व देश भर के शुभचिंतकों की इच्छा है कि मैं लोकसभा चुनाव लड़ूं,पर हम सभी की प्राथमिकता समर्थ और समृद्ध भारत के लिये नरेंद्र मोदी को पुनः प्रधानमंत्री बनाना है। पश्चिम बंगाल की जनता मोदी जी के साथ खड़ी है। बंगाल में रहना मेरा कर्तव्य है। अतः मैंने चुनाव न लड़ने का निर्णय लिया है।

TMC का प्रचार कर रहे बांग्लादेशी अभिनेता का वीजा रद्द, भारत से जाने का आदेश

बांग्लादेश के लोकप्रिय अभिनेता फिरदौस अहमद को तुरंत देश से वापस जाने का आदेश दिया गया है और उनका बिजनेस वीजा रद्द कर दिया गया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को इस बारे में जानकारी दी। दो दिन पहले अभिनेता द्वारा पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के लिए कथित तौर पर चुनाव प्रचार करने से विवाद पैदा हो गया था। पश्चिम बंगाल के प्रदेश भाजपा नेता जय प्रकाश मजूमदार और शिशिर बजोरिया ने शिकायत दर्ज कराने के लिए सोमवार को राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) आरिज आफताब से मुलाकात की और तृणमूल कांग्रेस द्वारा आचार संहिता के कथित उल्लंघन पर उचित कार्रवाई की मांग की।

नरेंद्र मोदी ने कहा हवा का रुख देख शरद पवार ने मैदान छोड़ दिया

महाराष्ट्र के मढ़ा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनावी सभा को संबोधित किया। संबोधन की शुरूआत करते हुए PM ने NCP अध्यक्ष शरद पवार पर हमला करते हुए कहा कि जो लोग दिल्ली में एयर कंडीशन कमरों में बैठकर कयास लगाते हैं उन लोगों को धरती की सच्चाई पता ही नहीं है। अब समझ आया कि शरद पवार ने मैदान क्यों छोड़ दिया। शरद पवार भी खिलाड़ी हैं, वो हवा का रुख जान लेते हैं। वो अपना नुकसान कभी नहीं होने देते। उन्होंने कहा कि एक मजबूत और संवेदनशील सरकार का मतलब क्या होता है, छत्रपति शिवाजी महाराज की ये धरती बहुत अच्छी तरह जानती है। भारत को 21वीं सदी में नई ऊंचाई पर पहुंचाने में केंद्र में ऐसी ही मजबूत सरकार चाहिए।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़