महाराष्ट्र के विधायक रमेश लटके का दिल का दौरा पड़ने से दुबई में निधन

Ramesh Latke
twitter

शिवसेना के नेता एवं महाराष्ट्र के विधायक रमेश लटके का दुबई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 52 वर्ष के थे। पार्टी नेता संजय राउत ने बृहस्पतिवार को बताया कि मुंबई शहर के अंधेरी ईस्ट विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधि लटके की बुधवार देर रात को मृत्यु हो गयी।

मुंबई। शिवसेना के नेता एवं महाराष्ट्र के विधायक रमेश लटके का दुबई में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वह 52 वर्ष के थे। पार्टी नेता संजय राउत ने बृहस्पतिवार को बताया कि मुंबई शहर के अंधेरी ईस्ट विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधि लटके की बुधवार देर रात को मृत्यु हो गयी , उनका पार्थिव शरीर शुक्रवार सुबह या शनिवार तक यहां लाया जाएगा। एक बयान में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने लटके को जुझारू एवं उद्यमशील जन प्रतिनिधि बताया और कहा कि उनका उद्देश्य लोगों के कल्याण के लिए काम करना था।

इसे भी पढ़ें: हरियाणा के पूर्व सीएम का कमाल, 87 साल की उम्र में पास की 10वीं और 12वीं की परीक्षा

राउत ने कहा कि लटके एक कट्टर शिवसैनिक थे जो शाखा प्रमुख से ऊपर उठकर पहले पार्षद एवं फिर विधायक बने। उन्होंने कहा, ‘‘लटके का दुबई में बुधवार देर रात निधन हो गया, जहां वह अपने परिवार के साथ छुट्टियां मनाने गए थे।’’ लटके के निधन पर आश्चर्य प्रकट करते हुए राउत ने कहा कि वह और उनके विधायक भाई सुनील राउत ने बुधवार शाम करीब छह बजे लटके के साथ काम से संबंधित कुछ चर्चा की और कुछ ही घंटों के अंदर उन्हें उनके निधन की खबर मिली। राउत ने कहा, ‘‘ वह स्वस्थ थे। वह शिवसेना के सभी आंदोलनों में आगे रहे थे। उनका पार्थिव शरीर कल शाम (शुक्रवार शाम) या अगले दिन (शनिवार) तक मुम्बई लाये जाने की संभावना है।’’ लटके मुंबई शहर के अंधेरी ईस्ट विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे। विधायक चुने जाने से पहले लटके बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) में पार्षद भी रहे। पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने लटके के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया, ‘‘रमेश लटके जी के निधन की सूचना से दुखी और स्तब्ध हूं।

इसे भी पढ़ें: समय से पहले दस्तक दे सकता है मानसून, 15 मई तक अंडमान पहुंचने की उम्मीद

निरंतर बनी रहने वाली उनकी ऊर्जा, कोविड-19 के दौरान समर्पण भाव से किया गया कार्य और निर्वाचन क्षेत्र के साथ उनका जुड़ाव अपार था। उनकी कमी खलेगी। वह बहुत जल्दी चले गए। मैं उनके परिवार, मित्रों और सहयोगियों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं।’’ भारतीय जनता पार्टी के नेता एवं विधायक नितेश राणे ने ट्वीट किया, ‘‘शिवसेना विधायक रमेश लटके के अचानक निधन की सूचना पाकर स्तब्ध हूं। उनसे कुछ ही महीनों पहले आंगणेवाड़ी यात्रा के लिए कोंकण जाने वाली एक उड़ान में मुलाकात हुई थी। मैंने खान-पान पर नियंत्रण करके वजन कम करने के लिए उनकी सराहना की थी। वह पार्टी लाइन से परे एक मित्र थे। अविश्वसनीय।’’ राकांपा सांसद सुप्रिया सुले ने ट्वीट किया, ‘‘ अंधेरी पूर्व के शिवसेना विधायक रमेश लटके का निधन हो गया। हमें उनके निधन पर दुख है। उन्हें हार्दिक श्रद्धांजलि। ’’ महाराष्ट्र में इस समय शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस की गठबंधन सरकार है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़