बच्चा नहीं हो रहा था तो पत्नी के ऊपर फेंक दिया तेजाब, पति फरार

man-throws-acid-on-wife-in-saharanpur
[email protected] । Sep 1 2018 11:14AM

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक युवक ने अपनी पत्नी को जान से मारने की नीयत से उस पर तेजाब फेंक दिया जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। बताया जा रहा है कि महिला के पिछले सात वर्षों से कोई बच्चा नहीं हो रहा था।

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक युवक ने अपनी पत्नी को जान से मारने की नीयत से उस पर तेजाब फेंक दिया जिससे वह बुरी तरह झुलस गई। बताया जा रहा है कि महिला के पिछले सात वर्षों से कोई बच्चा नहीं हो रहा था जिससे पति नाराज था, वहीं महिला अपने पति के अवैध संबंधों का विरोध कर रही थी इसे भी लेकर उनमें झगड़े होते थे। झुलसी अवस्था में महिला को उपचार के लिये जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है जबकि उसका पति फरार है।

सहारनपुर के एसएसपी उपेन्द्र अग्रवाल ने बताया कि सहारनपुर की थाना मण्डी क्षेत्र के शिवधाम कालोनी निवासी हिना पुत्री फुरकान का निकाह सात वर्ष पूर्व कोतवाली थानाक्षेत्र के अन्तर्गत रसूलपुर निवासी फैजान के साथ हुआ था। शादी के बाद से हिना अब तक मां नहीं बन सकी थी। जिससे ससुराल में हिना को प्रताड़ित किया जा रहा था। हिना पिछले कुछ समय से अपने मायके में रह रही थी जबकि उसका पति फैजान गोवा के एक सैलून में काम करता था। अग्रवाल के मुताबिक फैजान कुछ दिन पूर्व ही सहारनपुर आया था।

गुरुवार रात को फैजान ने अपने मायके में रह रही हिना को बहाने से घर के बाहर बुला लिया ओर उसे जान से मारने की नीयत से उस पर तेजाब उड़ेल दिया जिससे हिना बुरी तरह झुलस गई। हिना के परिजनों ने उसे तुरन्त ही उपचार के लिये जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। हिना के परिजनों ने उसके पति फैजान, फैजान के पिता अब्दूल, फैजान के भाई जीशान व एक अन्य युवक युसूफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक फैजान के किसी महिला से अवैध संबंध थे और हिना इन संबंधों का विरोध कर रही थी। पुलिस चारों नामजदों की तलाश कर रही है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़