मनमोहन सिंह ने आत्मप्रशंसा और जुमलों की संस्कृति को खारिज किया
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और ‘‘आत्मप्रशंसा और जुमलों’ की संस्कृति को खारिज किया।
नयी दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और ‘‘आत्मप्रशंसा और जुमलों’ की संस्कृति को खारिज किया। नवगठित कांग्रेस कार्य समिति की पहली बैठक में सिंह ने यह भी कहा कि देश में 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने के सरकार के दावों के लिए 14 फीसदी कृषि विकास दर की आवश्यकता होगी, जो कहीं नहीं दिखाई दे रही है कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला के मुताबिक सिंह ने देश में मौजूदा समय में निरंतर चल रही ‘‘आत्मप्रशंसा और जुमलों’’ की संस्कृति को खारिज किया।
सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भरोसा दिलाया कि वह और दूसरे सभी कांग्रेसजन भारत के सामाजिक सद्भाव और आर्थिक विकास को बहाल करने के मुश्किल भरे काम को पूरा करने में उनके साथ हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं राहुल जी को विश्वास दिलाता हूं कि हम सामाजिक सद्भाव और आर्थिक विकास को बहाल करने के मुश्किल भरे काम को पूरा करने में उनका पूरा सहयोग करेंगे।’’ कांग्रेस अध्यक्ष राहुल के नेतृत्व में आज नवगठित कांग्रेस कार्यसमिति की पहली बैठक हुई।
अन्य न्यूज़