मेरठ :हस्तिनापुर पहुंचे जल शक्ति मंत्री डॉ महेंद्र सिंह बोले- गंगा किनारे भाजपा ने कराए सबसे ज्यादा काम
हस्तिनापुर के लिए कई परियोजना चल रही हैं। गंगा किनारे 28 करोड़ की लागत से कटाव निरोधक बनाए गए थे, जो बाढ़ में सहायक सिद्ध हुए हैं। राज्यमंत्री दिनेश खटीक द्वारा हस्तिनापुर क्षेत्र के लिए कई परियोजनाओं का प्रस्ताव दिया गया है, जिनकी स्वीकृति मिलते ही हस्तिनापुर क्षेत्र में कार्य प्रारंभ हो जाएगा। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के लिए सभी विभागों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में अपने विभाग से संबंधित कार्य कराएं।
मेरठ ,हस्तिनापुर जलशक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह रविवार को खादर क्षेत्र में बाढ़ से हुई त्रासदी का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने राज्यमंत्री दिनेश खटीक के साथ हवाई सर्वेक्षण करने के बाद ,भीकुंड गांव के पास टूटी एप्रोच रोड का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि हस्तिनापुर को बाढ़ से राहत दिलाने का काम होगा। सरकार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को लेकर गंभीर है। हस्तिनापुर में किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि बाढ़ नियंत्रण मंत्री दिनेश खटीक के आह्वान पर मुख्य्मंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें खादर क्षेत्र के किसानों की समस्याओं को देखने के लिए भेजा है।
अपने तयशुदा समय से एक घंटा देरी से हस्तिनापुर के राजकीय पशुधन प्रक्षेत्र पहुंचे कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ने वहां आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यहां आकर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि सेवा व नैतिकता ही राजनीति है और भारत दर्शन करना है तो गांव में जाना होगा, भारत गांव में बसता है। किसान हमारे लिए भगवान, मैं किसान का बेटा व स्वयं भी किसान हूं। बाढ में जिन किसानों की क्षति हुई है, उनकी क्षतिपूíत की जाएगी।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे निरंतर बाढ़ प्रभावित ग्रामों में भ्रमणशील रहे। गंगा के दर्शन मात्र से मोक्ष प्राप्त होता है, हस्तिनापुर आकर गर्व का अनुभव हो रहा है। ग्रामीण विकास की शुरुआत पूर्व पीएम अटल बिहारी के समय में हुई। किसान बही योजना भाजपा शासन में प्रारंभ हुई। हर घर जल, हर घर बिजली योजना प्रधानमंत्री मोदी जी ने प्रारंभ कराई। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने 86 लाख किसानों को 34 हजार करोड़ का ऋण माफ करवाया। पहले बाढ़ नियंत्रण को पैसा मार्च के बाद सेंशन होता था लेकिन अब जनवरी माह में होगा।
हस्तिनापुर में आयोजित कार्यक्रम के बाद कृषि विज्ञान केंद्र के सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान जलशक्ति मंत्री डॉ. महेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार किसानों के साथ है। जिन किसानों का बाढ़ में नुकसान हुआ है, उनका आंकलन कराया जा रहा है। प्रयास रहेगा कि दिसंबर माह तक मुआवजा दिला दिया जाए।
उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि हस्तिनापुर के लिए कई परियोजना चल रही हैं। गंगा किनारे 28 करोड़ की लागत से कटाव निरोधक बनाए गए थे, जो बाढ़ में सहायक सिद्ध हुए हैं। राज्यमंत्री दिनेश खटीक द्वारा हस्तिनापुर क्षेत्र के लिए कई परियोजनाओं का प्रस्ताव दिया गया है, जिनकी स्वीकृति मिलते ही हस्तिनापुर क्षेत्र में कार्य प्रारंभ हो जाएगा। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के लिए सभी विभागों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में अपने विभाग से संबंधित कार्य कराएं।
पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि 2022 के चुनाव में भाजपा 350 से अधिक सीटें जीतेगी। प्रदेश के किसान भाजपा के साथ हैं। किसानों के आंदोलन पर उन्होंने कहा कि किसान तो यहां है, जिन्होंने हस्तिनापुर पहुंचने पर उनका स्वागत किया है। किसानों ने 2014, 2017 व 2019 में देश व प्रदेश में भाजपा सरकार बनाकर यहा दर्शा दिया कि किसान भाजपा के सच्चे साथी हैं। इससे पूर्व उन्होंने जनपद के विभागीय अधिकारियों से भी वार्ता की।
अन्य न्यूज़