रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का कोरोना से निधन, राष्ट्रपति और पीएम मोदी ने जताया दुख

Suresh Angadi

अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि उनका निधन आज रात लगभग आठ बजे एम्स ट्रामा सेंटर में हुआ जिसे समर्पित कोविड अस्पताल में तब्दील किया गया है। रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगडी के निधन की वजह से दिल्ली में सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज बृहस्पतिवार को आधा झुका रहेगा।

नयी दिल्ली। रेल राज्य मंत्री एवं कर्नाटक से भाजपा सांसद सुरेश अंगड़ी का बुधवार को कोरोना वायरस संक्रमण की वजह से निधन हो गया। वह 65 वर्ष के थे। अस्पताल के सूत्रों ने बताया कि उनका निधन आज रात लगभग आठ बजे एम्स ट्रामा सेंटर में हुआ जिसे समर्पित कोविड अस्पताल में तब्दील किया गया है। रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगडी के निधन की वजह से दिल्ली में सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज बृहस्पतिवार को आधा झुका रहेगा।

बेलगावी से चौथी बार सांसद रहे अंगडी पहले केंद्रीय मंत्री हैं जिनका कोविड-19 महामारी की वजह से निधन हुआ है। इससे पूर्व कम से कम छह विधायकों और तीन सांसदों का इस बीमारी से निधन हो चुका है। पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी भी कोरोना वायरस से संक्रमित थे जिनका 31 अगस्त को निधन हो गया था। अंगडी ने 11 सितंबर को टि्वटर पर खुद के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की घोषणा की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय मंत्री सुरेश अंगड़ी के निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए बुधवार को उन्हें भाजपा का एक असाधारण कार्यकर्ता, समर्पित सांसद और प्रभावी मंत्री बताया जिनका हर कोई मुरीद था। मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘सुरेश अंगड़ी एक असाधारण कार्यकर्ता थे जिन्होंने कर्नाटक में पार्टी को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की। वे एक समर्पित सांसद और प्रभावी मंत्री थे जिनका हर कोई मुरीद था। उनका निधन पीड़ा देने वाला है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवदेनाएं उनके परिजनों और उनके चाहने वालों के साथ हैं। ओम शांति।’’ सुरेश अंगड़ी के निधन पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दुख जताया। उन्होंने ट्वीट कर कहा, केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ सांसद श्री सुरेश अंगड़ी के असामयिक निधन के समाचार से स्तब्ध हूं। 

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़