चार अफ्रीकी देशों की यात्रा के बाद मोदी स्वदेश लौटे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अफ्रीका के साथ संबंध और मजबूत करने के लक्ष्य से महाद्वीप के चार देशों की की गयी आधिकारिक यात्रा के बाद आज स्वदेश लौट आए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अफ्रीका के साथ संबंध और मजबूत करने के लक्ष्य से महाद्वीप के चार देशों की की गयी आधिकारिक यात्रा के बाद आज स्वदेश लौट आए। मोदी चार देशों के अपने दौरे के अंतिम पड़ाव केन्या की यात्रा के बाद दिल्ली लौटे। उन्होंने इससे पहले मोजाम्बिक, दक्षिण अफ्रीका और तंजानिया की यात्रा की थी। प्रधानमंत्री कार्यालय ने ट्वीट किया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अहम अफ्रीकी यात्रा के बाद दिल्ली पहुंचे। इस यात्रा में अहम मुद्दों पर वार्ता एवं समझौते हुए।’’
मोदी ने सोमवार को केन्या के राष्ट्रपति उहुरू केन्याता के साथ बातचीत की थी। बातचीत में दोनों पक्षों ने कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का फैसला किया। उन्होंने रक्षा एवं सुरक्षा और दोहरे कराधान से बचाव समेत कई क्षेत्रों में सात समझौतों पर हस्ताक्षर किए। इससे पहले अपने पांच दिवसीय इस दौरे में प्रधानमंत्री ने तंजानिया, दक्षिण अफ्रीका और मोजाम्बिक की यात्रा की थी। भारत ने तंजानिया में एक प्रमुख जल आपूर्ति परियोजना के लिए 9.2 करोड़ डॉलर के कर्ज की पेशकश की और उसके साथ पांच समझौतों पर हस्ताक्षर किए।
दक्षिण अफ्रीका में मोदी ने राष्ट्रपति जैकब जुमा के साथ कई मामलों, विशेषकर आर्थिक विषयों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने रक्षा उत्पादन के लिए भारत को एक आकर्षक स्थल के रूप में प्रदर्शित करते हुए दक्षिण अफ्रीका के साथ इस क्षेत्र में भी सहयोग को और गहरा करने की बात की। मोदी ने परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह की सदस्यता के लिए भारत की दावेदारी को समर्थन देने के लिए दक्षिण अफ्रीका का धन्यवाद भी दिया। दक्षिण अफ्रीका एक बड़ा हथियार निर्यातक है। मोदी ने मोजाम्बिक में वहां के राष्ट्रपति फिलिप नियुसी के साथ विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत बातचीत की। दोनों देशों ने तीन समझौतों पर हस्ताक्षर किए जिनमें वह ‘‘दीर्घकालीन’’ अहम समझौता भी शामिल है जिसके तहत भारत इस अफ्रीकी देश से दालें खरीदेगा ताकि बार बार होने वाली इनकी कमी को पूरा किया जा सके और इनकी कीमतों को काबू किया जा सके।
अन्य न्यूज़