अब पंजाब कांग्रेस में All Is Well ! रावत से मुलाकात के बाद सिद्धू बोले- आलाकमान का हर फैसला मंजूर

Sidhu
अंकित सिंह । Oct 14 2021 8:25PM

नवजोत सिंह सिद्धू के मुताबिक उन्होंने कहा कि मैंने पार्टी आलाकमान को पंजाब और पंजाब कांग्रेस के बारे में अपनी चिंता व्यक्त की। मुझे कांग्रेस अध्यक्ष प्रियंका जी और राहुल जी पर पूरा भरोसा है।

पंजाब कांग्रेस में मची उथल-पुथल के बीच आज पीसीसी अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने दिल्ली में प्रदेश प्रभारी हरीश रावत से मुलाकात की। मुलाकात के बाद नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान का हर फैसला उन्हें मंजूर होगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मैंने अपने मुद्दे को कांग्रेस आलाकमान के समक्ष रख दिया है। अपने बयान में सिद्धू ने यह भी कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी उनके नेता हैं। उन्हें कांग्रेस नेतृत्व पर पूरा भरोसा है।

नवजोत सिंह सिद्धू के मुताबिक उन्होंने कहा कि मैंने पार्टी आलाकमान को पंजाब और पंजाब कांग्रेस के बारे में अपनी चिंता व्यक्त की। मुझे कांग्रेस अध्यक्ष प्रियंका जी और राहुल जी पर पूरा भरोसा है। वे जो भी निर्णय लेंगे, वह कांग्रेस और पंजाब की बेहतरी के लिए होगा। मैं उनके निर्देशों का पालन करूंगा। सिद्धू से मुलाकात के बाद हरीश रावत ने कहा कि सिद्धु ने साफ तौर पर कहा कि माननीय सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का आदेश उनको सर्वमान्य होगा। आदेश बिल्कुल साफ है कि वे प्रदेश कांग्रेस कमेटी पंजाब के अध्यक्ष के रूप में अपना काम पूरी शक्ति से करें। कल आपको इससे बड़ी सूचना विधिवत तरीके से मिलेगी। 

इसे भी पढ़ें: क्या स्वीकार हो जाएगा सिद्धू का इस्तीफा ? मुलाकात से पहले पंजाब कांग्रेस प्रमुख ने समझौता नहीं करने की बात कही

गौरतलब है कि प्रदेश अध्यक्ष की कमान संभालने के कुछ ही दिनों के बाद कई मुद्दों पर राज्य सरकार से मतभेद के कारण उन्होंने अपना इस्तीफा दे दिया था। हालांकि उनका इस्तीफा अब तक मंजूर नहीं किया गया है। पिछले दिनों कैप्टन अमरिंदर सिंह के मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद चरणजीत सिंह चन्नी को यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उस दौरान यह भी चर्चा थी कि सिद्धू मुख्यमंत्री चन्नी की कार्यशैली को लेकर भी खुश नहीं हैं, हालांकि कांग्रेस के सूत्र इससे इनकार करते हैं। कांग्रेस सूत्रों ने यह भी बताया कि फिलहाल सिद्धू के दिल्ली दौरे के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से उनकी मुलाकात का कोई कार्यक्रम तय नहीं है।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़