NCP कार्यकर्ताओं ने इस वजह से महाराष्ट्र के मंत्री के घर के बाहर छोड़े केकड़े

ncp-workers-leave-the-crab
अभिनय आकाश । Jul 9 2019 5:05PM

महाराष्ट्र सरकार में जल संरक्षण मंत्री तानाजी सावंत ने तटीय रत्नागिरी जिले में तिवारे बांध में दारार पड़ने की घटना को ‘‘प्राकृतिक आपदा’’ बताते हुए कहा कि केकड़ों ने बांध की दीवारों को कमजोर कर दिया था, इसलिए ऐसा हुआ है।

पुणे। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) कार्यकर्ताओं ने पुणे में महाराष्ट्र के जल संरक्षण मंत्री तानाजी सावंत के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। राकांपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री के आवास के बाहर केकड़े फेंक दिए। सैकड़ों की संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने  मंत्री तानाजी सावंत के पुणे के कात्रज स्थित बंगले में पहुंचे। बंगले में केकड़े डाल रहे कार्यकर्ताओं को सिक्युरिटी गार्ड ने रोकने की कोशिश की लेकिन कार्यकर्ता नही माने। कार्यकर्ताओं ने  केकड़े बंगले में फेंककर तानाजी सावंत के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

इसे भी पढ़ें: केकड़ों की वजह से तिवारे बांध दुर्घटना घटी: जल संरक्षण मंत्री

बता दें कि बीते दिनों महाराष्ट्र सरकार में जल संरक्षण मंत्री तानाजी सावंत ने तटीय रत्नागिरी जिले में तिवारे बांध में दारार पड़ने की घटना को ‘‘प्राकृतिक आपदा’’ बताते हुए कहा कि केकड़ों ने बांध की दीवारों को कमजोर कर दिया था, इसलिए ऐसा हुआ है। सावंत ने पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया है कि बड़ी संख्या में केकड़ों ने बांध की दीवार को कमजोर कर दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘बड़ी संख्या में केकड़ों ने दीवार को कमजोर कर दिया है। इसकी सूचना सरकार को मिलते ही कई एहतियाती उपाय किए गए।’’ गौरतलब है कि मूसलाधर बारिश के कारण दो जुलाई की रात को बांध टूटने के कारण आयी बाढ़ से कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि पांच अन्य लापता हैं।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़