UPA की तुलना में NDA ने किया बेहतर राफेल विमान सौदा: राजनाथ सिंह

nda-worked-a-better-deal-to-buy-rafale-fighter-jets-than-upa-says-rajnath-singh
[email protected] । Oct 27 2018 7:50PM

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि भाजपा नीत राजग सरकार ने फ्रांस से राफेल लड़ाकू विमानों को खरीदने के लिए पिछले संप्रग शासन की तुलना में एक बेहतर सौदा किया।

हैदराबाद। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि भाजपा नीत राजग सरकार ने फ्रांस से राफेल लड़ाकू विमानों को खरीदने के लिए पिछले संप्रग शासन की तुलना में एक बेहतर सौदा किया। गृह मंत्री ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करने के बाद कहा कि विपक्षी पार्टियां राफेल सौदे के खिलाफ इस उम्मीद में अपने आरोप दोहरा रही हैं कि लोग आखिरकार कुछ हद तक इसे स्वीकार कर लेंगे।

उन्होंने कहा, ‘मैं भारत के लोगों से कहना चाहूंगा कि इस सौदे पर मोलभाव संप्रग शासन के दौरान भी हुआ था। लेकिन हमने जो सौदा किया है, वह एक बेहतर सौदा है। हमने इस पर राष्ट्रहित को ध्यान में रख कर हस्ताक्षर किया।’ सिंह ने कहा कि राजग सरकार ने जो विमान खरीदने का फैसला किया, वे युद्ध में इस्तेमाल किए जाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा, ‘विपक्ष हमसे राफेल के नट-बोल्ट के बारे में पूछ रहा है और जानबूझ कर या अनजाने में राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरे में डाल रहा है। यह क्या ड्रामा है।’

भाजयुमो का सम्मेलन रविवार को संपन्न हो रहा है। इसमें केंद्रीय मंत्री और भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों सहित पार्टी के कई राष्ट्रीय नेता शरीक हो रहे हैं। गौरतलब है कि 58,000 करोड़ रूपये का राफेल सौदा राजनीतिक विवाद के केंद्र में है। भाजपा नीत राजग पर कांग्रेस इस सौदे में गड़बड़ी करने का आरोप लगा रही है। वहीं, सरकार सभी आरोपों को खारिज कर रही है।

सितंबर 2016 में भारत ने राफेल लड़ाकू विमान खरीदने के लिए फ्रांस के साथ एक अंतर - सरकारी समझौते पर हस्ताक्षर किया था। इन विमानों की आपूर्ति सितंबर 2019 से शुरू होने की उम्मीद है। 

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़