राजस्थान भाजपा अध्यक्ष पद से परनामी की छुट्टी, मिली नयी जिम्मेदारी

New bjp president in rajasthan very soon

भाजपा की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष अशोक परनामी ने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस वर्ष नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी राज्य की कमान किसी नये चेहरे को सौंपना चाहती है।

भाजपा की राजस्थान इकाई के अध्यक्ष अशोक परनामी ने आज अपने पद से इस्तीफा दे दिया। इस वर्ष नवंबर में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी राज्य की कमान किसी नये चेहरे को सौंपना चाहती है जोकि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के साथ मिलकर पार्टी को पुनः सत्ता में ला सके। परनामी को अध्यक्ष पद से हटाये जाने का पहता बड़ा संकेत आज तब मिला जब उनको पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी समिति का सदस्य नियुक्त किया गया। उनके साथ ही मध्य प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद से हटाये गये नंद कुमार सिंह चौहान को भी पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य नियुक्त किया गया है। पार्टी की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के द्वारा की गयी यह नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू हो गयी हैं।

जहां तक राजस्थान में भाजपा के नये अध्यक्ष की बात है तो इसके लिए केंद्रीय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल का नाम सबसे आगे चल रहा है। उनके अलावा सांसद ओम बिडला भी इस दौड़ में शामिल हैं। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वर्तमान सरकार में मंत्री अरुण चतुर्वेदी का नाम भी लिया जा रहा है। उनका नाम संघ की ओर से सामने आ रहा है। एक खेमा सांसद ओम प्रकाश माथुर को पार्टी की कमान दिलाना चाहता है लेकिन उनके संबंध मुख्यमंत्री से ठीक नहीं हैं लिहाजा उनका नाम अटक सकता है।

परनामी ने जयपुर में भाजपा मुख्यालय पर संवाददाताओं से कहा, 'मैंने अपना इस्तीफा पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को 16 अप्रैल को दे दिया था। मैं पार्टी के अनुशासित कार्यकर्ता के रूप में कार्य करता रहूंगा। पिछले चार सालों में मैंने पार्टी को सशक्त करने का कार्य किया है और भविष्य में भी अपनी जिम्मेदारी निभाता रहूंगा।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारी पार्टी में जिम्मेदारी देने की व्यवस्था है। राष्ट्रीय अध्यक्ष का धन्यवाद करना चाहूंगा कि उन्होंने राष्ट्रीय कार्यकारिणी में स्थान दिया है तो निश्चित रूप से अपनी क्षमताओं के अनुसार मैं अपना कार्य करूंगा।’’ 

हाल ही सम्पन्न प्रदेश में दो लोकसभा और एक विधानसभा के उपचुनावों में पार्टी की हार के बारे में परनामी ने कहा कि यदि पार्टी जीतती है तो सामूहिक रूप से जीतती है और यदि पार्टी हारती है तो सामूहिक रूप से हारती है। अशोक परनामी को फरवरी 2014 में राजस्थान भाजपा का प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त किया गया था। जयपुर के पूर्व मेयर रहे परनामी वर्तमान में जयपुर के आदर्श नगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक हैं।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़