केजरीवाल ने पंजाब सरकार पर साधा निशाना, कहा- पिछले 4 सालों में एक भी वादा नहीं हुआ पूरा, चुनावों में लें बदला

Arvind Kejriwal

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से कहा कि उनकी पार्टी हमेशा केंद्र के तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी।

चंडीगढ़। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को पंजाब सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पिछले चार वर्षों में राज्य सरकार ने एक भी वादा पूरा नहीं किया और लोगों से 2022 के विधानसभा चुनावों में उनसे बदला लेने की अपील की। आम आदमी पार्टी (आप) द्वारा पंजाब के मोगा में आयोजित किसान महासम्मेलन को संबोधित करते हुए, उन्होंने लोगों से कहा कि उनकी पार्टी हमेशा केंद्र के तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी रहेगी। उन्होंने दिल्ली राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र सरकार (संशोधन) विधेयक, 2021 को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्र दिल्ली के मुख्यमंत्री से सत्ता छीनना चाहता है। केजरीवाल पहले अमृतसर पहुंचे और फिर सम्मेलन में शामिल होने के लिए मोगा के बाघापुराना गए। 

इसे भी पढ़ें: घर तक राशन पहुंचाने की योजना का कोई नाम नहीं होगा : अरविंद केजरीवाल 

उन्होंने कहा कि चार साल पहले जब विधानसभा चुनाव हुए थे, तब पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने बड़े वादे किए थे। केजरीवाल ने अमरिंदर सिंह पर अपने चुनावी वादे नहीं निभाने और लोगों को धोखा देने का आरोप लगाया। केजरीवाल ने कहा, “कैप्टन साहब ने कहा था कि स्मार्टफोन दिए जाएंगे। किसे स्मार्टफोन मिले हैं, वे अपने हाथ उठाएं? कैप्टन साहब ने कहा था कि किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। किसका कर्ज माफ किया गया, वे अपने हाथ उठाएं। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने 2017 के विधानसभा चुनावों से पहले युवाओं को नौकरी देने का भी वादा किया था।

उन्होंने कहा कि एक भी वादा पूरा नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि अमरमिंदर सिंह ने लोगों को धोखा दिया है। उन्होंने लोगों को बताया कि उनकी पार्टी ने राष्ट्रीय राजधानी के निवासियों से किए गए हर वादे को पूरा किया है। केजरीवाल ने दिल्ली में मुफ्त बिजली, सरकारी अस्पतालों और स्कूलों की हालत में सुधार की बात की। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से एक नये पंजाब के सपने को पूरा करने की तैयारी के लिए प्रत्येक गांव और सड़क पर जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, हम एक ऐसा पंजाब चाहते हैं, जहां हर किसान, मजदूर, व्यापारी खुश हों। 

इसे भी पढ़ें: केजरीवाल सरकार की घर-घर राशन पहुंचाने की योजना पर केंद्र की रोक, कहा- अनुमति देने योग्य नहीं 

उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि आप राज्य में अगली सरकार बनाएगी। केजरीवाल ने आगे कहा कि वह केंद्र के कृषि कानूनों का विरोध करने के लिए पंजाब के किसानों को सलाम करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, जो आंदोलन आपने पहले पंजाब में शुरू किया था, वह अब पूरे देश में फैल गया है।

डिस्क्लेमर: प्रभासाक्षी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।


We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़