पाक की नापाक हरकत जारी, राजौरी में नियंत्रण रेखा पर की गोलाबारी

Pakistan's nefarious move continues, Linear fire in Rajouri
[email protected] । Feb 11 2018 4:36PM

रजौरी के उपायुक्त शाहिद इकबाल चौधरी ने कहा कि पाकिस्तानी सेना सुबह से जिले के गांवों के अलावा नाइका, पंजग्रेन, खोरीनार, राजधानी अग्रिम इलाकों में भारी मोर्टार दाग रही है। मोर्टार के गोले भारतीय सीमा में काफी अंदर तक गिर रहे हैं जिससे स्थानीय निवासियों में डर पैदा हो गया है।

जम्मू। पाकिस्तानी सेना ने जम्मू कश्मीर के राजौरी और पुंछ जिलों में नियंत्रण रेखा पर आवासीय इलाकों में लगातार चौथे दिन मोर्टार से गोले दागे तथा गोलीबारी की। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने राजौरी में मंजाकोट के तारकुंडी, नाइका, पंजग्रेन, खोरीनार और राजधानी गांवों तथा पुंछ के बालाकोट सेक्टर में करीब छह गांवों में आज सुबह भारी गोलाबारी की।

अधिकारी ने बताया कि मंजाकोट और बालाकोट में गोलीबारी में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि भारतीय सेना ने भी जवाबी गोलीबारी की और दोपहर करीब एक बजे दोनों ओर से गोलीबारी रूक गई।  पाकिस्तान सेना ने कल रात नौशेरा के लैरान गांव में नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी की जिसमें परवीन अख्तर (65) नामक महिला की गोली लगने से मौत हो गई। इसके अलावा, पाकिस्तान ने कल पुंछ में खादी करमरा और चक्कन दा बाग अग्रिम इलाकों में मोर्टार के गोले भी दागे।

पुंछ में नियंत्रण रेखा पर नौ फरवरी को पाकिस्तानी सेना की ओर से अंधाधुंध गोलाबारी और गोलीबारी में तीन जवान घायल हो गए थे। पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर आठ फरवरी को पाकिस्तानी सैनिकों की गोलाबारी में 45 वर्षीय महिला की मौत हो गई थी। इस साल जम्मू क्षेत्र में नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की गोलाबारी में 10 सुरक्षाकर्मी शहीद हो गए, नौ नागरिक मारे गए तथा 75 से अधिक घायल हो गए।

We're now on WhatsApp. Click to join.
All the updates here:

अन्य न्यूज़